
हनुमानगढ़। अब एमएसपी पर किसानों से सोलह क्विंटल प्रति बीघा तक गेहूं की खरीद की जाएगी। इससे पहले बारह क्विंटल की सीमा निर्धारित थी। इस बार अच्छी पैदावार के चलते किसानों की मांग थी कि खरीद की सीमा को सरकार स्तर पर बढ़ाया जाए। इसके बाद अब सरकार स्तर पर गेहूं खरीद की सीमा बढ़ा दी गई है। इससे जिले के हजारों किसानों को राहत मिली है। सरकार के इस निर्णय से अब पहले की तुलना में हजारों क्विंटल अधिक गेहूं की खरीद हो सकेगी। हनुमानगढ़ जिले की बात करें तो इस बार दो लाख 27 हजार हैक्टेयर में गेहूं की खेती हुई है। वर्तमान में मंडियों में गेहूं की अच्छी आवक होने लगी है। अभी किसान कटाई में जुटे हुए हैं। समय पर इस बार गेहूं की सरकारी खरीद शुरू होने से किसान खुश हैं। मंडियों में बारदाने आदि की भी समुचित व्यवस्था है। वर्तमान में भुगतान भी समय पर हो रहा है। इस स्थिति में सरकार स्तर पर अब गेहूं खरीद की सीमा प्रति बीघा सोलह क्विंटल करने से किसानों को राहत मिली है। जानकारी के अनुसार भारत सरकार की ओर से घोषित समर्थन मूल्य 2275 रुपए प्रति क्विंटल के अतिरिक्त राज्य सरकार की ओर से राजस्थान कृषक समर्थन योजना के तहत 125 रुपए प्रति किवंटल बोनस की घोषणा की गई है। इस तरह अबकी दफा किसानों को सरकारी दर पर गेहूं बेचने पर 2400 रुपए प्रति क्विंटल मिल रहे हैं।
