
62 लाख रुपये की कथित ठगी की जांच और दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) धान मंडी स्थित एचडीएफसी बैंक शाखा के बाहर मंगलवार को किसान-मजदूरों ने विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बैंक एवं फाइनेंस कंपनियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कथित वित्तीय अनियमितताओं और किसानों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद की। धरने के दौरान बैंक प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की गई तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग उठाई गई। धरने का नेतृत्व किसान नेता मंगेज चौधरी ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति की जमीन पर किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के नाम पर करीब 62 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी कर राशि का गबन किया गया, लेकिन संबंधित संस्थान की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मामले में जिम्मेदार कर्मचारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। धरने में शामिल किसानों ने एक अन्य मामले का भी उल्लेख किया, जिसमें मारवाड़ा क्षेत्र के एक किसान के साथ लगभग पौने दो करोड़ रुपये की कथित वित्तीय अनियमितता होने का आरोप लगाया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि संबंधित किसान के मकान को कुर्क किए जाने की कार्रवाई भी विवादित रही है। इस प्रकरण को लेकर किसान संगठनों ने प्रशासन और बैंक प्रबंधन से निष्पक्ष जांच की मांग की। किसान नेता मंगेज चौधरी ने कहा कि किसान हितों की रक्षा के लिए पूर्व में किए गए आंदोलनों के दौरान उनके और अन्य साथियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए, जिन्हें वे झूठा और बेबुनियाद बताते हैं। उन्होंने कहा कि इन मामलों को वापस लिया जाना चाहिए और किसानों के साथ न्याय सुनिश्चित किया जाना चाहिए। धरने के दौरान बैंक प्रबंधन और किसान प्रतिनिधियों के बीच वार्ता भी हुई। किसान नेताओं के अनुसार वार्ता में बैंक पक्ष ने कथित 62 लाख रुपये के मामले में संबंधित कर्मचारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। हालांकि किसान संगठनों ने स्पष्ट किया कि जब तक कार्रवाई धरातल पर दिखाई नहीं देती, तब तक वे आंदोलन जारी रखेंगे। मंगेज चौधरी ने कहा कि यदि आश्वासनों के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं होती और किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता तो जिलेभर में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने लोगों से बैंकिंग एवं ऋण संबंधी दस्तावेजों की पूरी जानकारी रखने और सावधानी बरतने की अपील भी की। धरने में सीटू के जिला अध्यक्ष आत्मा सिंह, कॉमरेड बसंत सिंह, बहादुर सिंह चौहान, शेर सिंह शाक्य, गुरप्रेम सिंह, तरसेम सिंह, रिछपाल सिंह हाकम ख़ान, सुरेन्द्र सोनी सुल्तान खान, वारिस अली, जगदीश यादव, शौकत राम, गुरुदेव राम सहित बड़ी संख्या में किसान, मजदूर एवं आमजन मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान किसानों ने अपनी मांगों को लेकर एकजुटता दिखाई और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
