
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया अभिनंदन, संगठन की मजबूती पर हुई चर्चा
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जिला कांग्रेस कमेटी हनुमानगढ़ द्वारा राजस्थान पर्यटन विकास निगम (आरटीडीसी) के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राठौड़ के हनुमानगढ़ आगमन पर जिला कांग्रेस कार्यालय में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राठौड़ का फूल-मालाओं और साफा पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने धर्मेंद्र सिंह राठौड़ का अभिनंदन करते हुए उन्हें संगठन का वरिष्ठ और अनुभवी नेता बताया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि राठौड़ के मार्गदर्शन से कांग्रेस संगठन को मजबूती मिलेगी तथा कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा प्राप्त होगी। स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए धर्मेंद्र सिंह राठौड़ ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देती रही है और पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत एवं समर्पण ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी समय में जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को उठाने तथा पार्टी की नीतियों और विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। राठौड़ ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने तथा युवाओं को पार्टी से जोड़ने पर भी जोर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा किसानों, मजदूरों, युवाओं और आमजन के हितों के लिए संघर्ष करती रही है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि धर्मेंद्र सिंह राठौड़ का हनुमानगढ़ आगमन कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी है। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से संगठन को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल, जिला उपाध्यक्ष तरुण विजय, करणी सिंह राठौड़, पीसीसी सदस्य प्रेमराज नायक, सोशल मीडिया प्रभारी जयराम ढुकिया, सुरेंदर वर्मा, मोहनलाल इंदलिया, गुरलाल मान, रामचंद्र चौधरी, जयपाल गिरी, हीरा सिंह, विजय टाक, सुरेंदर खटीक, पाल सिंह, रायसाहब, नरेश सिहाग, संदीप धारणिया, नानक, शकूर खान, जगदीप रंगारा, लोकेंद्र भाटी, रोहित स्वामी, ध्रुव, अमीर खान, बंशी खन्ना, विनोद गुरुसर, कृष्ण स्वामी, यश चिलाना, आकाश चिलाना, जयवीर बाना, आरिफ टाक, हरि ओम, नारायण राव, रामलाल गोदारा, संदीप सिंवर, पीयूष मोंगा, बंसत स्वामी, भीम सिंह सहित अन्य पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी के समर्थन में नारे लगाए और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
