
वार्ड नंबर 29 कोहला में सार्वजनिक गली से हटाया गया अवैध अतिक्रमण
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) नगर परिषद हनुमानगढ़ द्वारा आज हनुमानगढ़ टाउन क्षेत्र के वार्ड नंबर 29, कोहला में सार्वजनिक गली में किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। यह अतिक्रमण इंद्राज राबिया पुत्र धन्ना राम राबिया, निवासी चक नंबर 17 एचएमएच, कोहला द्वारा सार्वजनिक रास्ते पर किया गया था, जिसे परिषद की टीम ने मौके पर पहुंचकर हटा दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रातः लगभग 11:00 बजे राजस्व अधिकारी बब्बू के नेतृत्व में एक विशेष दल का गठन किया गया। इस दल में सहायक अभियंता राकेश कुमार इंडलिया, सहायक नगर नियोजन अधिकारी निखिल नेहरा, कनिष्ठ अभियंता मेघराज, स्वच्छता निरीक्षक जगदीश सिराव सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी शामिल थे। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए जेसीबी मशीन भी मौके पर तैनात की गई। नगर परिषद की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक गली को अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने दी गई और पूरे क्षेत्र में शांति बनी रही। परिषद अधिकारियों की मौजूदगी में अवैध निर्माण को पूरी तरह हटाया गया, जिससे आम नागरिकों को आने-जाने में होने वाली परेशानी से राहत मिली। इस अवसर पर प्रभारी दल के राजस्व अधिकारी बब्बू ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर परिषद हनुमानगढ़ क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में यदि कहीं भी सार्वजनिक भूमि या रास्तों पर अतिक्रमण पाया गया, तो नगर परिषद द्वारा बिना किसी भेदभाव के सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर परिषद की इस कार्रवाई से क्षेत्रवासियों में सकारात्मक संदेश गया है और लोगों ने सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखने की अपील भी की है। परिषद प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसी कार्रवाइयां जारी रखने की बात कही है।
