
श्री अमृत सेवा समिति ने भीषण गर्मी में लगाई ठंडे मीठे जल व जलजीरा की छबील
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) भीषण गर्मी और लू के प्रकोप से राहत दिलाने के उद्देश्य से आज हनुमानगढ़ टाउन के यातायात पुलिस थाना के सामने श्री अमृत सेवा समिति द्वारा ठंडे मीठे जल एवं जलजीरा की छबील लगाई गई। इस सेवा कार्य का मुख्य उद्देश्य आमजन, राहगीरों, वाहन चालकों और पुलिसकर्मियों को तपती गर्मी में शीतलता प्रदान करना रहा। इस अवसर पर श्री अमृत सेवा समिति के अध्यक्ष एडवोकेट मनप्रीत सिकंदर ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान समय में प्रचंड गर्मी और लू के चलते लोगों का बाहर निकलना बेहद कठिन हो गया है। ऐसे में प्यासे को पानी पिलाना और उसकी प्यास बुझाना सबसे बड़ा पुण्य और नेक कार्य है। इसी भावना के साथ समिति ने ठंडे मीठे जल और जलजीरा की छबील लगाकर सेवा कार्य किया, ताकि राह चलते लोग राहत महसूस कर सकें। छबील कार्यक्रम में यातायात पुलिस थाना प्रभारी अनिल चंद भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ समिति के कोषाध्यक्ष योगेश यादव, बबलू कश्यप, हरकीरत सिकंदर, रजत यादव, देवकीनंदन जालंधर, दीपेश वॉट्स,मनीष बंसल, सुनील कुमार व समिति के अन्य सदस्यों ने सक्रिय रूप से सेवा दी। सभी सदस्यों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ राहगीरों को ठंडा पेय वितरित किया। अध्यक्ष एडवोकेट मनप्रीत सिकंदर ने बताया कि श्री अमृत सेवा समिति समय-समय पर समाजहित में अनेक सेवा कार्य करती आ रही है। इससे पूर्व भी समिति द्वारा बाढ़ ग्रस्त इलाकों में जरूरतमंदों तक राशन सामग्री पहुंचाने, बेजुबान पक्षियों के लिए परिंडे लगाने तथा अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया गया है। समिति का उद्देश्य केवल सेवा करना ही नहीं, बल्कि समाज में मानवता, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करना भी है। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने समिति के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि ऐसे सेवा कार्य भीषण गर्मी में किसी वरदान से कम नहीं हैं। लोगों ने समिति के सदस्यों को धन्यवाद देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहितकारी कार्य करते रहने की शुभकामनाएं दीं। श्री अमृत सेवा समिति का यह प्रयास निश्चित रूप से समाज के लिए प्रेरणास्रोत बना है।
