
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) नगर परिषद हनुमानगढ़ द्वारा स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के अंतर्गत अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वच्छता से जुड़े हितधारकों के लिए क्षमता निर्माण (Capacity Building) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन दिनांक 12.06.2026 को मुख्य सभागार टाउन नगर परिषद पर किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के विभिन्न घटकों, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण, स्वच्छ सर्वेक्षण, आईईसी गतिविधियों तथा मिशन के उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को स्वच्छता संबंधी कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनसहभागिता बढ़ाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में आयुक्त महोदय सुरेंद्र सिंह यादव ने स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी प्रतिभागियों से मिशन के लक्ष्यों को प्राप्त करने हेतु सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। प्रशिक्षण में कुल 150 प्रतिभागियों ने भाग लिया। अंत में प्रतिभागियों द्वारा स्वच्छ एवं सुंदर शहर के निर्माण हेतु पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया गया।
