
टांटिया समूह के दिव्यांगाश्रम में हुआ अनूठा कार्यक्रम
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) जे.आर. टांटिया चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से संचालित दिव्यांगाश्रम एवं पंख डे केयर ने शुक्रवार को ‘एक दिन विशेष बच्चों के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें क्षेत्र के अनेक विशिष्टजनों ने दिव्यांग बच्चों के साथ समय गुजारा और दिव्यांगजनों की सेवा में टांटिया समूह की ओर से किए जा रहे प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की। यह अपनी तरह का एक अलग और अनूठा आयोजन था। कार्यक्रम के प्रारंभ में दिव्यांगाश्रम के प्रोजेक्ट डायरेक्टर विकास रांगेरा ने संस्था की गतिविधियों के बारे में जानकारी देते हुए आए हुए अतिथियों को बताया कि यहां इक्कीस तरह की दिव्यांगता पर पूर्णतः निशुल्क सहायता की जाती है। नियमित रूप से दिव्यांग बच्चों की देखभाल और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास किए जाते हैं। मुख्य अतिथि टांटिया यूनिवर्सिटी के विधि संकाय में अधिष्ठाता डॉ. सौरभ गर्ग ने दिव्यांग बच्चों को मिलने वाली कानूनी सहायता और अन्य सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। विशिष्ट अतिथि सोशल मीडिया इन्फलूंसर अंकित गोदारा ने इस बात के लिए वाइस चेयरपर्सन डॉ. मोहित टांटिया की सराहना की कि वे चिकित्सा एवं शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों की दिशा में भी महत्वपूर्ण सहयोग कर रहे हैं। केसरीसिंहपुर नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष सरदूलसिंह ने भी दिव्यांग बच्चों के साथ नशामुक्ति के लिए किए जा रहे प्रयासों को सराहनीय बताया। मंच संचालन साहित्यकार-पत्रकार कृष्णकुमार आशु ने किया। इस मौके पर केसरीसिंहपुर से मांगीलाल गोदारा, वरिष्ठ पत्रकार महावीर पुरोहित व अशोक बजाज, टांटिया आयुर्वेद कॉलेज के डॉ. मुकेश सागर, सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी सतीश वधवा, शिक्षाविद् सरिता शर्मा, निशांत गर्ग, राकेश भादू, भूपेंद्र सहारण, सुनीलकुमार, कोमल सहित अनेक लोग मौजूद थे।
