
उपखंड अधिकारी को फिर दियाज्ञापन
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) फसलों की सुरक्षा के नाम पर लगाई गई खतरनाक ब्लेड वाली तारें अब ग्रामीणों के लिए मौत का जाल बन गई हैं। चक 4 जैड के ग्रामीणों ने मोहनपुरा रोड से गांव तक की सड़क पर लगी इन घातक फेंसिंग को तुरंत हटाने और सड़क की चौड़ाई बढ़ाने की मांग को लेकर आज उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण अब तक एक युवक की मौत हो चुकी है और दस से ज्यादा युवा गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। ग्रामीणों ने बताया कि मोहनपुरा रोड से चक 4 जैड ग्राम पंचायत मुख्यालय तक जाने वाली सड़क के दोनों ओर किसानों द्वारा आवारा पशुओं से फसलों को बचाने के लिए ब्लेड वाली तारें लगाई गई हैं। ये तारें सड़क के बहुत करीब होने के कारण गुजरते वाहनों और पैदल राहगीरों के लिए लगातार खतरा बनी हुई हैं। साथ ही सड़क की चौड़ाई स्वीकृत मानक 16.5 फुट से काफी कम है, जिससे दो वाहन आसानी से एक-दूसरे को पार नहीं कर पाते और छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों के अनुसार इन ब्लेड वाली तारों की चपेट में आने वाले युवकों की संख्या अब 10 से अधिक हो चुकी है। विशेष रूप से नरेशकुमार नामक युवक को गंभीर चोटें आईं, जिनका लंबे समय तक इलाज चला। फिर भी वह पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो पाया है और सामान्य रूप से चल-फिर नहीं सकता। सबसे दर्दनाक यह कि इन खतरनाक तारों ने एक युवक की जान भी ले ली है। ग्रामीणों ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर उन्होंने पहले भी कई बार प्रशासन को अवगत कराया था। मात्र चार दिन पहले 8 जून को भी ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे ग्रामीणों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है। ज्ञापन में ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे लगी सभी ब्लेडयुक्त तारों को तुरंत हटा दिया जाए और सड़क की चौड़ाई को स्वीकृत 16.5 फुट के अनुसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में कोई और दुर्घटना न हो सके और जनहानि रोकी जा सके। उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि अगर जल्दी कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
