
पेड़ से टकराई बाइक, एक किशोर की मौत के बाद अस्पताल में प्रदर्शन
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जिले के करणीसर सहजीपुरा गांव के निकट शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज गति से जा रही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में घायल तीनों किशोरों को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान एक किशोर रवि की मौत हो गई। वहीं दो अन्य घायलों में से एक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया। घटना के बाद जिला चिकित्सालय में परिजनों और नागरिकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में समय पर सीटी स्कैन नहीं होने के कारण घायल किशोर को उचित उपचार मिलने में देरी हुई। उन्होंने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय रहते जांच और उपचार की व्यवस्था हो जाती तो शायद जान बचाई जा सकती थी। मामले की जानकारी मिलने पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। इसके बाद मक्कासर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं नागरिक अस्पताल परिसर में धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने जिला चिकित्सालय के जनरेटर खराब होने का आरोप लगाते हुए कहा कि बिजली बाधित होने की स्थिति में अस्पताल में आवश्यक जांच और चिकित्सा सेवाएं प्रभावित होती हैं, जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल प्रशासन से चिकित्सा सुविधाओं में सुधार, पर्याप्त स्टाफ की नियुक्ति तथा आपातकालीन सेवाओं के लिए मजबूत बैकअप व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। लगभग सवा घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद अस्पताल प्रशासन और परिजनों के बीच वार्ता हुई। वार्ता में राजकीय चिकित्सालय के पीएमओ डॉ. शंकर सोनी ने प्रदर्शनकारियों की बात सुनी और आवश्यक व्यवस्थाओं को मजबूत करने का आश्वासन दिया। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि जिला चिकित्सालय में पर्याप्त चिकित्सकीय स्टाफ उपलब्ध होना चाहिए तथा जनरेटर सहित अन्य आवश्यक उपकरणों की वैकल्पिक व्यवस्था भी हर समय तैयार रहनी चाहिए, ताकि किसी भी मरीज को उपचार में देरी का सामना न करना पड़े। पीएमओ डॉ. शंकर सोनी के साथ हुई वार्ता के बाद सहमति बनी, जिसके पश्चात धरना समाप्त कर दिया गया। वहीं हादसे में किशोर की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर, पूर्व सरपंच गुरजंट सिंह, सरपंच रोहित स्वामी, पूर्व प्रधान कालूराम गोदारा, संदीप सिहाग, राजेन्द्र कोहला, यश चिलाना, अमृत पाल, राजू, सुनील, बलजिंदर सिंह, विनोद गुरुसर, पवन पतलान, अमित, सोनू कुक्कड़, प्रदीप भूंकल व अन्य परिजन मौजूद थे।
