
पहले दिन 10 पट्टे सहित विभिन्न प्रमाण पत्र वितरित, लाभार्थियों को मिला सीधा लाभ
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाने तथा नगरीय क्षेत्र की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आयोजित शहरी सेवा शिविर 2026 का शुभारंभ शुक्रवार को नगर परिषद परिसर में किया गया। शिविर का उद्घाटन विधायक गणेशराज बंसल, जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं नगर परिषद प्रशासक रामरतन साकोरिया तथा नगर परिषद आयुक्त सुरेंद्र यादव ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर विधायक गणेशराज बंसल ने कहा कि राजस्थान के यशस्वी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आमजन को राहत पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि पंचायत एवं नगर परिषद से जुड़े विभिन्न कार्यों और समस्याओं के समाधान के लिए इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त होने वाले आवेदनों का मौके पर ही निस्तारण किया जाएगा तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, पट्टा, नामांतरण, विवाह पंजीयन सहित अन्य आवश्यक सेवाएं त्वरित गति से उपलब्ध करवाई जाएंगी।जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने शिविर में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आमजन की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकरण का संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिविर में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।शिविर के प्रथम दिन विभिन्न प्रकरणों का निस्तारण करते हुए 10 पट्टे जारी किए गए। इसके अलावा 2 नामांतरण, 2 विवाह पंजीयन तथा 2 जन्म प्रमाण पत्र तैयार कर संबंधित लाभार्थियों को प्रदान किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने लाभार्थियों को दस्तावेज सौंपकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया और विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में भी शिविर के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें राहत प्रदान की जाएगी। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
