
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) श्रीगंगानगर जिले के नई मंडी घड़साना थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ घर में घुसकर मारपीट करने के मामले की पुलिस ने जांच के दौरान एक शातिर बदमाश को अवैध हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है।पुलिस ने बताया कि कल देर शाम को घडसाना में भगतसिंहनगर मार्ग पर शमशान भूमि के नजदीक सिकंदर अली (22) निवासी वार्ड नंबर 10 को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा और एक जीवित कारतूस बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार इससे पहले भगतसिंहनगर निवासी एक विधवा महिला दर्शनाबाई रायसिख के साथ 10 जून की शाम को विकास दुआ और 8-10 व्यक्तियों ने घर में घुसकर मारपीट की थी। उसके घर से कुछ रुपए भी आरोपी निकाल कर ले गए थे। इस संबंध में दर्शनाबाई द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर विकास तथा उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया, जिसकी जांच एएसआई सीताराम को दी गई। एएसआई सीताराम ने बताया कि दर्शना ने जिन व्यक्तियों पर घर में आकर मारपीट करने का आरोप लगाया है,उसमें सिकंदर अली भी शामिल था। जब उसकी तलाश की गई तो वह कल शाम पकड़ा गया। उसके पास अवैध हथियार मिलने पर आर्म्स एक्ट में अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।सिकंदर अली के खिलाफ पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं। वहीं तथा कथित पीड़ित महिला दर्शनाबाई भी अवैध रूप से नशीले पदार्थ बेचने के मामले में दो-तीन बार पकड़ी गई है।वह लंबे समय तक जेल में भी रही है।बताया जाता है कि 10 जून की शाम को रूपयों के लेनदेन को लेकर दर्शना का कुछ लोगों से विवाद हो गया।आरोप है कि इन लोगों ने और रुपए छीन कर ले गए। पुलिस ने बताया कि अवैध हथियार सहित पकड़े गये सिकंदर का पिता फलक शेर थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है।
