
9 मोबाइल फोन, लैपटॉप और टैबलेट भी बरामद
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) जवाहरनगर थाना इलाके में जिला पुलिस के विशेष दल (डीएसटी) ने कल रात को अशोकनगर-ए में छापा मारकर एक क्रिकेट सट्टेबाज को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने बताया कि यह सट्टेबाज कल रात महिला टी-20 विश्व कप क्रिकेट टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान की टीमों में खेले जा रहे मैच पर क्रिकेट बुकी चला रहा था ।गिरफ्तार किए गए सट्टेबाज रवि बाघला (41) निवासी मकान नंबर 108 अशोकनगर-ए के कब्जे से 9 मोबाइल फोन,दो चार्जर, एक लैपटॉप, एक टैबलेट,क्रिकेट बुकी की रकम 2 लाख 29 हजार 500 और सट्टे के हिसाब-किताब कागजात बरामद हुए हैं। डीएसटी की प्रभारी पुलिस इंस्पेक्टर श्रीमती हेमलता शर्मा के नेतृत्व में की गई इस कार्यवाही में सहायक उप निरीक्षक सुरेंद्र ज्याणी सहित अनेक पुलिसकर्मी शामिल रहे। इसमें हवलदार कृष्णकुमार की अहम भूमिका रही ।पुलिस सूत्रों ने बताया कि रवि बाघला पिछले काफी समय से क्रिकेट सट्टेबाजी कर रहा है। उसके यहां से जब्त, लैपटॉप, मोबाइल, टैबलेट तथा कागजात में दर्ज क्रिकेट सट्टे के हिसाब किताब का आकलन किया जा रहा है।उसके खिलाफ दर्ज किए गए मुकदमे की आगे जांच थाना प्रभारी पुलिस इंस्पेक्टर देवेंद्रसिंह राठौड़ करेंगे।
