
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस सप्ताह के तहत सशक्त नारी संस्थान की पहल
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सशक्त नारी संस्थान की ओर से आयोजित सात दिवसीय नि:शुल्क योग शिविर का शुभारंभ विनय वाटिका, सेक्टर नम्बर 9, जंक्शन में हुआ। 21 जून तक प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 7 बजे तक आयोजित होने वाले शिविर के पहले दिन मातृ शक्ति, बच्चों एवं पुरुषों ने हिस्सा लेकर योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। योग प्रशिक्षक डॉ. तरुणा सारस्वत ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास करवाया। उन्होंने योग के नियमित अभ्यास से होने वाले लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि इससे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, मानसिक तनाव कम होता है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। शिविर में सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी तथा अन्य उपयोगी योग क्रियाओं का प्रशिक्षण दिया गया। संस्थान की संस्थापक अध्यक्ष डॉ. मिताली अग्रवाल ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि मानसिक, शारीरिक और आध्यात्मिक संतुलन का माध्यम है। वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में तनाव और विभिन्न बीमारियों से बचाव के लिए नियमित योग अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से महिलाओं और परिवारों को स्वस्थ एवं सशक्त बनाने के लिए इस विशेष शिविर का आयोजन किया गया है। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए संस्थान की उपाध्यक्ष निशा मित्तल, प्रचार मंत्री रजनी अग्रवाल तथा सदस्य श्वेता बब्बर, सुजाता सुखानी, श्वेता गोयल, दीपमाला गेरा, समेस्ता, डिंपल धूडिय़ा, प्रीति धमीजा एवं शिवानी स्वामी सहयोग कर रही हैं। शिविर के समापन मौके पर 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पर विशेष योग सत्र एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
