
सदर थाना पुलिस की ओर से 43.730 किलो डोडा पोस्त बरामदगी का मामला
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) सदर थाना क्षेत्र में 43.730 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामदगी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच कर रही जंक्शन थाना पुलिस ने फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। गौरतलब है कि जिला पुलिस की ओर से नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सदर थाना पुलिस ने 14 जून को कार्रवाई करते हुए मोटर साइकिल सवार जसविन्द्र सिंह (25) पुत्र सर्वजीत सिंह सैनी निवासी चक 4 वाई, गार्डन सिटी करतारसर पीएस सदर श्रीगंगानगर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 43.730 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया था। इस संबंध में सदर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच जंक्शन थाना प्रभारी रामचन्द्र कस्वां को सौंपी गई। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने इस प्रकरण में वांछित चल रहे हनुमान (26) पुत्र रामनिवास जाट निवासी बरसालू जिला जोधपुर तथा इन्द्रजीत (28) पुत्र गुरदीप सिंह नाई निवासी मोहनपुरा जिला श्रीगंगानगर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर डोडा पोस्त तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों और अवैध मादक पदार्थ की सप्लाई श्रृंखला के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
