
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 21 जून को प्रातः 6:00 बजे से 8:00 बजे तक राजीव गांधी स्टेडियम, हनुमानगढ़ में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार हेतु जिला प्रशासन एवं आयुर्वेद विभाग द्वारा संयुक्त रूप से पोस्टर का विमोचन किया गया। पोस्टर का विमोचन जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव, उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग डॉ. तीर्थराज शर्मा, डॉ. कुलदीप (योग एवम प्राकृतिक चिकित्सालय),पूर्व जिला संयोजक पतंजलि योग समिति विजय कौशिक तथा योग प्रशिक्षक तरुणा सारस्वत ने संयुक्त रूप से किया।इस अवसर पर जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेकर योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नियमित योग अभ्यास से अनेक शारीरिक एवं मानसिक रोगों से बचाव संभव है तथा यह स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग डॉ. तीर्थराज शर्मा ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का उद्देश्य योग के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक महत्व को जन-जन तक पहुंचाना है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि संपूर्ण जीवन को संतुलित और अनुशासित बनाने की एक प्रभावी पद्धति है। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम में सामूहिक योगाभ्यास, प्रोटोकॉल आधारित योग सत्र तथा स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। डॉ. कुलदीप ने बताया कि नियमित योग एवं प्राकृतिक जीवनशैली अपनाकर व्यक्ति बीमारियों से बच सकता है।योग की थीम इस बार Yoga for healthy ageing योगा फॉर हेल्थि एजिङ रखी गयी है वहीं विजय कौशिक ने सभी योग साधकों एवं आमजन से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। योग प्रशिक्षक तरुणा सारस्वत ने कहा कि सामूहिक योगाभ्यास समाज में स्वास्थ्य और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता है तथा युवाओं को योग से जोड़ना समय की आवश्यकता है। इस अवसर पर श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय से पीआरओ मनीष कौशिक, , योग विभाग से अरविंद सिंह रावत, स्वाति सहित अन्य गणमान्यजन एवं योग प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने जिलेवासियों से 21 जून को प्रातः 6 बजे राजीव गांधी स्टेडियम पहुंचकर योग दिवस कार्यक्रम में सहभागिता निभाने का आग्रह किया।
