
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) सुखड़ियानगर के सेक्टर नंबर एक में कल शाम को एक मकान के प्रथम तल पर बने कमरे में सीलिंग फैन में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। भूतल पर परिवारवालों को ऊपर कमरे में आग लगने का तब पता चला जब पड़ोस के लोगों ने धुआ और आग की लपटे निकलते हुए देखीं। इस घर में रहने वाले परिवार के सदस्यों तथा पड़ोसियों ने आग पर काबू पाने के प्रयास किया लेकिन जब सफलता नहीं मिली तो दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल विभाग के अनुसार कल शाम करीब 5.20 बजे सूचना मिलने पर फायर कर्मी नरेश कुमार, सीताराम, रहीदा बानो और ड्राइवर हरवीनसिंह फायर टेंडर लेकर घटनास्थल के लिए रवाना हुए। फायर कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर लगभग आधे घंटे में काबू पा लिया। फायर कर्मियों के मुताबिक सुखड़ियानगर के सेक्टर नंबर एक में अमनदीप जसूजा के मकान में आग लगने की यह घटना हुई है। घटना के समय ऊपर वाले कमरे में कोई नहीं था। इस कमरे का पंखा चलता हुआ छोड़ दिया गया था जो काफी देर तक चलता रहा, जिससे उसकी मोटर तथा वायरिंग गर्म हो गई। पंखे से चिंगारियां निकलने लगीं। नीचे बेड पर चिंगारियां गिरने से कमरे में आग लग गई।आग से डबल बेड और उसका गद्दा पूरी तरह से जल गए। स्थानीय लोगों और फायर कर्मियों ने कमरे में अलमारियों व उसमें रखे सामान को बचा लिया। कमरे में और भी कुछ सामान रखा हुआ था जिसे बचा लिया गया। फिर भी आग लगने से काफी नुकसान हो गया। गनीमत रही की कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।कमरे में रखे अन्य सामान सहित ऊपर के तल के बाकी हिस्से तक आग को फैलने से रोक दिया गया
