
हनुमानगढ़। साहित्य एवं संस्कृति के लिए समर्पित संस्था राजस्थान साहित्य परिषद् की ओर से आयोजित पुस्तक लोकार्पण समारोह के अंतर्गत युवा साहित्यकार मानसी शर्मा की पुस्तक ‘पक्षियों के बाल गीत’ का अतिथि बच्चों ने लोकार्पण किया। अतिथि बच्चों में छठी कक्षा की कनिका, प्रियांशी और हृद्यांश तथा सातवीं कक्षा की रीत, प्राची, एश्वर्या और तनिष्का थी। पुस्तक लोकार्पण कार्यक्रम की अध्यक्षता बाल साहित्य मनीषी एवं वरिष्ठ बाल साहित्यकार दीनदयाल शर्मा ने की। उल्लेखनीय है कि अंग्रेजी साहित्य में एम.ए. की शिक्षा प्राप्त शिक्षिका मानसी शर्मा की अब तक हिन्दी भाषा में एक पुस्तक और राजस्थानी भाषा में चार पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। राजस्थानी में बाल कथा संग्रह ‘च्युइंग गम’ और राजस्थानी युवा कविताओं की कृति ‘प्रेम, ह्रश्वयार और प्रीत’ काफी चर्चा में रही है। मानसी को हरियाणा, उतर प्रदेश और राजस्थान में अनेक साहित्यिक संस्थाओं ने पुरस्कृत और सम्मानित किया है। गत दिनों मानसी शर्मा को राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी, बीकानेर की ओर से महाविद्यालय स्तर का द्वितीय पुरस्कार देने की घोषणा हुई है। इसी वर्ष 03 जनवरी, 2024 को मानसी शर्मा को लोकार्पित कृति ‘पक्षियों के बाल गीत’ पर लखनऊ, उत्तर प्रदेश की संस्था भाऊराव देवरस सेवा न्यास की ओर से भव्य समारोह में पंडित प्रताप नारायण मिश्र युवा साहित्यकार सम्मान- 2023 से नवाजा गया था। जिसमें मानसी को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र, शॉल ओढ़ाकर एवं 25,000/- नकद राशि देकर पुरस्कृत एवं सम्मानित किया था।
