
1000 पदों को बताया नाकाफी, 22 जून को जयपुर में जुटने की चेतावनी
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) शारीरिक शिक्षक (पीटीआई) भर्ती 2026 में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर गुरुवार को पीटीआई भर्ती अभ्यर्थियों ने जिला कलक्ट्रेट के समक्ष प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में जिला कलक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष महेन्द्र शर्मा ने बताया कि वर्ष 2026 में जारी की गई शारीरिक शिक्षक भर्ती में केवल एक हजार पद निर्धारित किए गए हैं, जबकि प्रदेश में बड़ी संख्या में शारीरिक शिक्षकों के पद रिक्त पड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में 4500 पदों पर भर्ती हुई थी, जिसमें लगभग 25 हजार अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। इसके बाद वर्ष 2022 में करीब 5500 पदों पर भर्ती आयोजित की गई, जिसमें 55 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे। उस भर्ती में भी लगभग 800 पद खाली रह गए थे। उन्होंने कहा कि चार वर्ष बाद निकाली गई वर्तमान भर्ती में अभ्यर्थियों की संख्या पहले की तुलना में करीब ढाई गुना बढ़ चुकी है, लेकिन पदों की संख्या मात्र एक हजार रखी गई है, जो युवाओं के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में शारीरिक शिक्षकों के अनेक पद रिक्त हैं, जिससे विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। खेलों के माध्यम से युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखा जा सकता है, लेकिन विद्यालयों में पर्याप्त शारीरिक शिक्षक नहीं होने के कारण खेल गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। ऐसे में सरकार को विद्यार्थियों और युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए भर्ती में पदों की संख्या में पर्याप्त बढ़ोतरी करनी चाहिए। शिक्षक मुकेश गोदारा ने कहा कि राज्य सरकार को रिक्त पदों का वास्तविक आंकलन कर भर्ती प्रक्रिया में संशोधन करना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक योग्य युवाओं को रोजगार का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते पदों की संख्या नहीं बढ़ाई तो प्रदेशभर के अभ्यर्थी एकजुट होकर व्यापक आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांगों की अनदेखी होने पर 22 जून को जयपुर को घेरा जाएगा और पूरे राजस्थान के अभ्यर्थी उस आंदोलन में हिस्सा लेंगे। इस दौरान मोहित कुमार, तमन्ना, रवि सिंह, भीमा, सुमित, मनीष, पंकज, अभिषेक, रमन कुमार, कुलदीप, अमित, पुनीत, सुरेन्द्र, पूजा, रवि सिंह, अशोक, पंकज, राजीव खान, मदीना, आनंद शीला सहित पीटीआई भर्ती के कई अन्य अभ्यर्थी मौजूद रहे।
