
एमजीएसयू परिणामों की जांच की भी उठाई मांग
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) वाहन चालक भर्ती परीक्षा-2024 का ट्रेड टेस्ट शीघ्र आयोजित कराने तथा महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर के परीक्षा परिणामों की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग को लेकर स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया के नेतृत्व में युवाओं और विद्यार्थियों ने गुरुवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। वाहन चालक भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों ने मोटर गैराज विभाग जयपुर के सचिव के नाम ज्ञापन भेजकर भर्ती प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि वाहन चालक भर्ती-2024 का विज्ञापन 11 दिसम्बर 2024 को जारी हुआ था। लिखित परीक्षा 23 नवंबर 2025 को आयोजित हुई और 17 जनवरी 2026 को परिणाम घोषित कर दिया गया, लेकिन करीब छह माह बीत जाने के बावजूद ट्रेड टेस्ट आयोजित नहीं किया गया है। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष महेन्द्र शर्मा ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में अनावश्यक देरी से हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटका हुआ है। उन्होंने कहा कि युवा वर्षांे तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन चयन प्रक्रिया लंबित रहने से उनमें निराशा बढ़ रही है। उन्होंने सरकार से जल्द ट्रेड टेस्ट की तिथि घोषित कर भर्ती प्रक्रिया पूर्ण करने की मांग की। वहीं छात्र नेता मोहित कुमार ने नई शिक्षा नीति लागू होने के बाद विद्यार्थियों को आ रही समस्याओं को उठाते हुए कहा कि एमजीएसयू की ओर से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों में बैक लगाकर अनुत्तीर्ण घोषित किया जा रहा है। री-चैकिंग और पुनर्मूल्यांकन के नाम पर विद्यार्थियों से अतिरिक्त शुल्क लिया जा रहा है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। उन्होंने विश्वविद्यालय के उस संशोधित नियम का भी विरोध किया, जिसके तहत किसी विषय में बैक होने पर विद्यार्थियों को अगले सेमेस्टर की परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाती। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था के कारण तीन वर्ष की डिग्री पूरी करने में कई विद्यार्थियों को पांच वर्ष तक का समय लग रहा है। लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया लंबित रहने और विश्वविद्यालय की नीतियों के कारण युवा मानसिक तनाव और अनिश्चितता का सामना कर रहे हैं। उन्होंने सरकार और संबंधित विभागों से जल्द सकारात्मक कार्रवाई करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को प्रदेशभर में और व्यापक रूप दिया जाएगा। इस दौरान उच्च शिक्षा विभाग जयपुर के आयुक्त के नाम भी ज्ञापन सौंपकर एमजीएसयू के परीक्षा परिणामों की जांच करवाने तथा छात्र विरोधी नियमों को वापस लेने की मांग की गई। इस मौके पर राजीव खान, मदीना, आनंद शीला, मनीष थोरी, पायल, मीनाक्षी चौधरी, पवन शर्मा, पवन बिश्नोई, भीमा, कशिश अरोड़ा, पूजा, रीना, रेणु, लाजवंती, दीक्षा वर्मा, युवराज, सुमित नोखवाल, पंकज, सेवन भाटीवाल, प्रमोद, पवन भाटी, विकास, जावेद मौजूद रहे।
