
101 ग्राम अवैध अफीम बरामदगी प्रकरण में कार्रवाई
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जिले में नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को रावतसर थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार रावतसर थाना प्रभारी ईश्वरानन्द के नेतृत्व में गठित टीम ने प्रकरण संख्या 329/2026, धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट में वांछित आरोपी विनोद कुमार (38) पुत्र बंशीलाल माली निवासी चाहुवाली, चक 10 एजी को अनुसंधान के दौरान गिरफ्तार किया। गौरतलब है कि 14 जून 2026 को रावतसर थाना के उप निरीक्षक विजेन्द्र शर्मा ने गश्त के दौरान कैलाशचन्द्र कुम्हार (35) पुत्र शम्भूलाल कुम्हार निवासी पाचुंदा पीएस बेगू जिला चित्तौडग़ढ़ को 101 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया था। इस संबंध में रावतसर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया। मामले की जांच थाना प्रभारी ईश्वरानन्द की ओर से की जा रही थी। अनुसंधान के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर वांछित आरोपी विनोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस टीम में थाना प्रभारी ईश्वरानन्द, सहायक उप निरीक्षक शम्भूदयाल, हेड कांस्टेबल अमर सिंह, कांस्टेबल सुदेश एवं मोहनलाल शामिल रहे। कार्रवाई में हेड कांस्टेबल अमर सिंह की विशेष भूमिका रही।
