
जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर नारेबाजी कर जताया विरोध, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, 22 जून को जयपुर कूच का आह्वान
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) शारीरिक शिक्षक (पीटीआई) भर्ती 2026 में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर गुरुवार को पीटीआई भर्ती अभ्यर्थियों ने जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया तथा जिला कलक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे विद्यार्थी नेता महेन्द्र शर्मा ने बताया कि वर्ष 2026 में जारी की गई शारीरिक शिक्षक भर्ती में केवल एक हजार पद निर्धारित किए गए हैं, जबकि प्रदेश में बड़ी संख्या में शारीरिक शिक्षकों के पद रिक्त पड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में 4500 पदों पर भर्ती हुई थी, जिसमें लगभग 25 हजार अभ्यर्थियों ने भाग लिया था। इसके बाद वर्ष 2022 में करीब 5500 पदों पर भर्ती आयोजित की गई, जिसमें 55 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे। उस भर्ती में भी लगभग 800 पद खाली रह गए थे। उन्होंने कहा कि चार वर्ष बाद निकाली गई वर्तमान भर्ती में अभ्यर्थियों की संख्या पहले की तुलना में करीब ढाई गुना बढ़ चुकी है, लेकिन पदों की संख्या मात्र एक हजार रखी गई है, जो युवाओं के साथ अन्याय है। अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में शारीरिक शिक्षकों के अनेक पद रिक्त हैं, जिससे विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। शिक्षक मुकेश गोदारा ने कहा कि राज्य सरकार को रिक्त पदों का वास्तविक आंकलन कर भर्ती प्रक्रिया में संशोधन करना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक योग्य युवाओं को रोजगार का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते पदों की संख्या नहीं बढ़ाई तो प्रदेशभर के अभ्यर्थी एकजुट होकर व्यापक आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
ज्ञापन में बताया गया कि खेलों के माध्यम से युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखा जा सकता है, लेकिन विद्यालयों में पर्याप्त शारीरिक शिक्षक नहीं होने के कारण खेल गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। ऐसे में सरकार को विद्यार्थियों और युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए भर्ती में पदों की संख्या में पर्याप्त बढ़ोतरी करनी चाहिए। इस दौरान अभ्यार्थी तमन्ना, रवि सिंह, भीमा, सुमित, मनीष, पंकज, अभिषेक, रमन कुमार, कुलदीप, अमित, पुनीत, सुरेन्द्र, पूजा, रवि सिंह, अशोक, पंकज, राजीव ख़ान, मोहित ,मदीना ,आनंद शीला, राजीव ख़ान, मनीष , मनीष भाटी सहित बड़ी संख्या में पीटीआई भर्ती अभ्यर्थी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांगों की अनदेखी होने पर 22 जून को जयपुर को घेरा जायेगा और पूरे राजस्थान के अभ्यार्थी उस आंदोलन में भाग लेगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन व सरकार की होगी।
