
श्रीगंगानगर(भटनेर एक्सप्रेस)। गुरुद्वारा श्री गुरु रामदास साहिब, सेतिया फार्म में पंचम गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगत ने उपस्थित होकर गुरु चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता सौरभ जैन ने कार्यक्रम में अतिथि के रूप में भाग लिया। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा उनका सम्मान किया गया। अपने संबोधन में सौरभ जैन ने गुरु अर्जुन देव जी के त्याग, तपस्या, वीरता, साहस एवं बलिदान को स्मरण करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गुरु अर्जुन देव जी का जीवन मानवता, सेवा, सहिष्णुता और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के दौरान श्री सुखमनी साहिब पाठ, कथा एवं कीर्तन दीवान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गुरु का अटूट लंगर बरताया गया, जिसमें संगत ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर समाजसेविका भूपिंदर कौर टुरना, बार संघ के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट जरनैल सिंह टुरना, गोपी नागपाल, जसमोहन सिंह, राजकुमार जैन, रामप्रताप चुंबर, प्रदीप खुराना सहित बड़ी संख्या में संगत उपस्थित रही। इस अवसर पर सभी श्रद्धालुओं ने गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर उन्हें श्रद्धापूर्वक शत्-शत् नमन एवं वंदन किया और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
