
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) सूरतगढ़ उपखंड अंतर्गत गांव सरदारपुरा लाडाना में गुरुवार को अचानक विद्युत वोल्टेज बढ़ने से दर्जनों घरों और दुकानों में लगे बिजली उपकरण जलकर खाक हो गए। इस घटना से ग्रामीणों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पंखे, कूलर मोटर, टीवी, फ्रिज, प्रिंटर समेत अनेक महंगे घरेलू और इलेक्ट्रॉनिक सामान क्षतिग्रस्त हो गए।गांव के जंभेश्वर ई-मित्र संचालक विजय बिश्नोई ने बताया कि अचानक हाई वोल्टेज आने से उनकी दुकान में लगे प्रिंटर सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से धुआं निकलने लगा। उन्होंने तुरंत बिजली कनेक्शन बंद किया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। गांव के अन्य कई परिवारों और दुकानदारों की यही स्थिति रही। कूलर, फ्रिज, टीवी और पंखे जलने की खबर पूरे गांव में फैलते ही लोगों में आक्रोश फैल गया।ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कुल पांच ट्रांसफार्मर स्थापित हैं, लेकिन विद्युत कनेक्शनों का वितरण पूरी तरह असंतुलित है। एक ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक लोड पड़ने के कारण लंबे समय से क्षेत्र में हाई वोल्टेज और लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर विद्युत विभाग को कई बार लिखित शिकायतें दी हैं, लेकिन विभाग ने स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया।घटना के बाद प्रभावित परिवारों ने विद्युत विभाग से तत्काल नुकसान का सर्वेक्षण करवाने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने ट्रांसफार्मरों पर लोड का संतुलित वितरण सुनिश्चित करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्थायी व्यवस्था करने की मांग भी रखी है।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि विद्युत विभाग जल्द ही समस्या का समाधान नहीं करता है तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
