
पीएम किसान उत्सव दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर (हुगली) में आयोजित पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किश्त जारी की। इस अवसर पर जिले का जिला स्तरीय कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं किसानों ने भाग लिया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले के लगभग 2 लाख 25 हजार किसानों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से करीब 45 करोड़ रुपए की राशि हस्तांतरित की गई। वहीं देशभर के 9.44 करोड़ पात्र किसानों के खातों में कुल 18,880 करोड़ रुपए की राशि सीधे भेजी गई। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किसानों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने देखा।
किसानों को प्रतिवर्ष मिलती है 6 हजार रुपए की सहायता
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपए की वित्तीय सहायता तीन समान किश्तों में प्रदान की जाती है। योजना की शुरुआत से अब तक 22 किश्तें जारी की जा चुकी हैं तथा 23वीं किश्त का लाभ भी किसानों को प्राप्त हो गया है। इस योजना का उद्देश्य किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना तथा कृषि कार्यों में सहयोग प्रदान करना है।
राजस्थान सरकार भी दे रही अतिरिक्त सहायता
राजस्थान सरकार द्वारा किसानों को अतिरिक्त राहत प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के सभी पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 3 हजार रुपए की अतिरिक्त सहायता राशि भी पलब्ध कराई जा रही है। इससे किसानों को कुल 9 हजार रुपए प्रतिवर्ष का लाभ प्राप्त हो रहा है।
जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे मौजूद
जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों में श्री अमित सहू, पूर्व विधायक श्री धर्मेंद्र मोची, पूर्व विधायक श्री गुरदीप शाहपीनी, श्रीमती गुलाब सिंवर, पूर्व जिला प्रमुख श्रीमती दमयंती बेनीवाल, श्री देवेंद्र पारीक, श्री सुरेंद्र तिवाड़ी, श्री जुगल किशोर गौड़, डॉ. भारत भूषण शर्मा, श्री दलीप बेनीवाल, श्री ओम कुकना एवं श्री ओम सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जिला परिषद सीईओ श्री ओपी बिश्नोई, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री रामरतन सौंकरिया, एसडीएम श्री मांगीलाल सुथार, सहकारी समितियों के उप रजिस्ट्रार श्री अमीलाल सहारण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
