
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) हनुमानगढ़ जिले में पल्लू तहसील क्षेत्र के बिसरासर ग्राम पंचायत अंतर्गत ढाणी लेघान गांव में कल देर शाम एक अत्यंत दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में ट्यूबवेल के लिए बोरिंग करवा रहे एक किसान और मशीन ऑपरेटर की करंट लगने से मौत हो गई जबकि एक युवक घायलहो गया। मशीन का एक पाइप ऊपर 11000 वोल्टेज की बिजली लाइन से टच हो गया था।पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान ढाणी लोघान निवासी हजारीराम बिजारणियां (45) और न्यौलखी निवासी पवनकुमार मेघवाल (25) के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल विनोद मेघवाल ( 22) न्योलखी का निवासी है। थाना प्रभारी पुलिस इंस्पेक्टर सुरेश मील के अनुसार हादसा हुआ जब उक्त तीनों व्यक्ति खेत में नया ट्यूबवेल लगाने के लिए मशीन से बोरिंग का काम कर रहे थे। यह खेत महावीर नामक व्यक्ति का है जिसे खेती करने के लिए हजारीराम ने ठेके पर ले रखा था। हजारी राम ने बोरिंग करने के लिए पवन तथा विनोद को मशीन सहित बुलाया था। कल शाम करीब 7 बजे खेत के ऊपर से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन से बोरिंग मशीन का पाइप टच कर गया, जिससे भयानक करंट का शॉक लगा। हजारीराम मशीन का एक लोहे का पिल्लर पकड़ रखा था। दूसरा पिल्लर विनोद ने पकड़ा हुआ था। पवन सीट पर बैठकर मशीन को ऑपरेट कर रहा था करंट लगने से उसकी सीट पर ही मृत्यु हो गई जबकि हजारी राम तथा विनोद को जबर्दस्त झटका लगा दोनों दूर जाकर गिरे परंतु हजारीराम का एक पर लोहे के पाइप से लगा रह गया, जिससे उसकी करंट से वही मौत हो गई। दूर जाकर गिरने से विनोद बच गया मगर वह घायल है।ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पल्लू पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने हजारीराम और पवनकुमार को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से झुलसे विनोद को प्राथमिक उपचार के बाद आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। आज सुबह दोनों शवों पोस्टमॉर्टम होने के बाद परिजनों को सौंप दिये गये। दोनों का दोपहर बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया थाना प्रभारी ने बताया कि इस हादसे के संबंध में मर्ग रिपोर्ट दर्ज की गई है।
