
बैठक में संगठन विस्तार और सामाजिक गतिविधियों पर हुई चर्चा
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) राष्ट्रीय युवक परिषद की बैठक शनिवार को जंक्शन स्थित सर्किट हाउस में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक विस्तार, ग्रामीण क्षेत्रों में परिषद की सक्रियता बढ़ाना तथा आगामी सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करना रहा। बैठक के दौरान संगठन विस्तार पर विचार-विमर्श करते हुए संगरिया तहसील के गांव संतपुरा निवासी जगसीर सिंह को ग्रामीण अध्यक्ष नियुक्त किया गया। नवनियुक्त अध्यक्ष के चयन पर परिषद सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए माला पहनाकर उनका स्वागत किया। जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने नवनियुक्त ग्रामीण अध्यक्ष को 15 दिनों के भीतर ग्रामीण कार्यकारिणी का विस्तार कर उसकी रिपोर्ट परिषद कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। नवनियुक्त अध्यक्ष जगसीर सिंह ने कहा कि वे शीघ्र ही ग्रामीण कार्यकारिणी का गठन कर संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि समाज सेवा के साथ-साथ पशु एवं पक्षियों के संरक्षण के लिए भी ठोस कदम उठाए जाएंगे तथा बेजुबान पक्षियों के लिए विभिन्न स्थानों पर परिंडे लगाए जाएंगे। बैठक में सुखजीत सिंह, विनोद गोदारा, निहाल सिंह, संदीप, प्रदीप, वीरेन्द्र जैन, दिनेश शर्मा, विनोद प्रजापत, रामलाल कांवलिया, किशोर सिंह, पवन सोनी मौजूद रहे।
