
दुर्गा कॉलोनी में आयोजित शिविर में प्रमाण पत्र और पट्टों का किया वितरण
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं सुशासन की भावना को साकार करते हुए शनिवार को जंक्शन स्थित दुर्गा कॉलोनी की दुर्गा मंदिर धर्मशाला में शहरी सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने हिस्सा लेकर विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं का समाधान प्राप्त किया। शिविर का उद्देश्य नागरिकों को सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना था। शिविर में पट्टों, नामांतरण, बिजली, पेयजल, स्वच्छता, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने मौके पर ही प्रकरणों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए कई मामलों का निस्तारण किया। शिविर में निवर्तमान सभापति सुमित रणवां के साथ आयुक्त सुरेन्द्र यादव, पूर्व उपसभापति नगीना बाई, पूर्व पार्षद गुरदीप सिंह बराड़, राजेन्द्र चौधरी, मदन बाघला ने आमजन की समस्याएं सुनकर नगर परिषद कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा मौके पर ही समाधान करवाया। साथ ही लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं पट्टों का वितरण भी किया गया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि राज्य सरकार आमजन को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऐसे शिविरों का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समाधान उनके घर के नजदीक करना है, ताकि उन्हें सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन सरकार की प्राथमिकता है तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से सूचना एवं सहायता स्टॉल भी लगाए गए। यहां नागरिकों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी की गई। शिविर में पहुंचे लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनसुविधाओं को घर-घर तक पहुंचाने वाला प्रभावी कदम बताया।
