
6-7 नकाबपोश बदमाशों ने परिवार को घंटे भर बंधक बनाकर 85 लाख के जेवर-कैश लूटे, डीवीआर भी ले गए
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) झुंझुनू में कोतवाली थाना क्षेत्र के पीपली चौक स्थित प्रॉपर्टी डीलर के घर में कल रात करीब 1 बजे घटी डकैती ने साफ संकेत दिए हैं कि यह कोई साधारण वारदात नहीं, बल्कि पहले से पूरी तैयारी और अंदरूनी जानकारी के साथ की गई सुनियोजित लूट थी। 6 से 7 नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को गनपॉइंट पर बंधक बनाकर पूरे घर को व्यवस्थित तरीके से खंगाला और करीब 85 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने तथा डेढ़ से दो लाख रुपये नकद लूट लिए। जाते समय उन्होंने सीसीटीवी का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। पीड़ित परिवार के मुखिया 77 वर्षीय अकबर अली शेरवानी ने बताया कि बदमाश घर में घुसते ही सीधे उनके बेटे शब्बीर सैय्यद उर्फ बाबू भाई (प्रॉपर्टी कारोबारी) के कमरे की ओर गए। शब्बीर की कनपटी पर पिस्तौल तानकर उन्हें काबू कर लिया गया और पूरे परिवार को बैठक में इकट्ठा कर बिठा दिया गया। बदमाश लगातार अलमारियों की चाबियां मांगते रहे और घर के हर कमरे की तलाशी लेते रहे। परिवार का आरोप है कि बदमाशों को उनके घर की बनावट, कारोबार और संपत्ति की पूरी जानकारी पहले से थी। उन्होंने घर के बाहर खड़ी काली स्कॉर्पियो कार के बारे में भी पूछताछ की। परिवार के मुताबिक बदमाशों ने उत्तर प्रदेश से जुड़े कुछ लोगों का भी जिक्र किया, जिससे साफ है कि किसी नेटवर्क या पहले की गई रेकी के आधार पर यह वारदात अंजाम दी गई।
घंटे भर चला आतंक

बदमाश करीब एक घंटे तक घर में रहे। उन्होंने परिवार के सदस्यों के हाथ-पैर चादर, कपड़े, टेप और बिजली के तारों से बांध दिए। 10 साल के बच्चे को भी नहीं छोड़ा गया। महिलाओं को अलग-अलग कमरों और बाथरूम में बंद कर दिया गया और उनके शरीर से एक-एक जेवर उतरवा लिए गए। एक बच्ची के कानों के झुमके भी जबरन उतार लिए गए। बदमाशों की बोली उत्तर प्रदेश क्षेत्र की लग रही थी और उनमें से एक हल्का लंगड़ाकर चल रहा था। लूट में 50 से 60 तोला सोना, सवा से डेढ़ किलो चांदी और नकद राशि शामिल है।
पुलिस जांच तेज, एफएसएल टीम ने सबूत जुटाए
आज सुबह घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थानाधिकारी श्रवणकुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस और एफएसएल टीम ने घर का मुआयना किया और सबूत एकत्र किए। पड़ोसी के कैमरे में रात करीब 1:20 बजे कुछ संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए हैं, जिनकी पहचान के लिए तकनीकी जांच जारी है।थानाधिकारी ने बताया कि बदमाशों के पास देसी कट्टे और चाकू थे। परिवार को लगातार धमकाया गया। पुलिस तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।अकबर अली शेरवानी ने साफ कहा-बदमाशों को हमारे घर और कारोबार की पूरी जानकारी थी। किसी ने उन्हें यहां भेजा है।परिवार अब डर और सदमे में है।पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
