
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) जानी-मानी आईवीएफ विशेषज्ञ डॉ. सुमन भुक्कर ने युवा पीढ़ी को निस्संतानता की समस्या से बचने के लिए समय रहते एग फ्रीजिंग करवाने की सलाह दी है। श्री गंगानगर में शिव चौक के समीप नन्हे कदम आईवीएफ सेंटर के आज उद्घाटन अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए डॉ. सुमन भुक्कर ने कहा कि अविवाहित व विवाहित दोनों ही युवतियों को शादी से पहले अपना एग फ्रीजिंग अवश्य करवा लेना चाहिए। इससे भविष्य में संतान सुख से वंचित होने की आशंका काफी हद तक कम हो जाएगी। डॉ. भुक्कर ने बताया कि खाद्य पदार्थों में पेस्टिसाइड्स और पेयजल में भारी धातुओं व सूक्ष्म तत्वों की अधिकता के कारण इस क्षेत्र में बांझपन के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। दूसरे प्रमुख कारण हैं-शादी में देरी और करियर की चिंता। पहले जहां युवाओं की शादी 21-22 वर्ष की आयु में हो जाती थी, वहीं अब करियर को प्राथमिकता देते हुए 30-31 वर्ष की उम्र तक शादी टाल दी जा रही है। ऐसे युवाओं-खासकर युवतियों के लिए एग फ्रीजिंग एक बेहतर और सुरक्षित विकल्प है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह अब आम चलन बनता जा रहा है और इसमें कोई गलत बात नहीं है।डॉ. सुमन भुक्कर ने बताया कि राजस्थान के श्रीगंगानगर व हनुमानगढ़ जिले, पंजाब के फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा तथा हरियाणा के सिरसा व फतेहाबाद जिलों में निस्संतान दंपतियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मुख्य वजहें खान-पान में प्रदूषण, देरी से शादी और करियर संबंधी तनाव हैं। नए अधिनियम के अनुसार 50 वर्ष तक की महिलाएं और 55 वर्ष तक के पुरुष आईवीएफ तकनीक से संतान प्राप्त कर सकते हैं।डॉ. भुक्कर ने कहा कि आईवीएफ क्षेत्र में नई-नई तकनीकें आ रही हैं, जिनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का भी उपयोग हो रहा है। पहले जहां सफलता दर 40-50 प्रतिशत थी, वहीं अब यह बढ़कर 75 प्रतिशत तक पहुंच गई है। उन्होंने निस्संतान दंपतियों से अपील की कि वे इस आधुनिक तकनीक का बिना किसी हिचकिचाहट या शर्म के इस्तेमाल करें। यह अब समय की सामान्य आवश्यकता बन गई है।डॉ. सुमन भुक्कर ने बताया कि शिव चौक के पास स्थापित नन्हे कदम आईवीएफ सेंटर को हरियाणा के सिरसा स्थित मुख्य शाखा की तर्ज पर अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। इस नए केंद्र के शुरू होने से न केवल श्रीगंगानगर जिले बल्कि आसपास के समूचे क्षेत्र के निस्संतान दंपत्ति लाभान्वित होंगे। प्रेस वार्ता में डॉ. सुमन भुक्कर के अलावा डॉ. पूनम जांगड़ा, डॉ. प्रभाष कुलहरि, डॉ. करिश्मा सैनी, डॉ. अल्का, अमरसिंह ज्याणी, मुकेशकुमार, आदित्य सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
——
