
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित ब्रह्माकुमारी पाठशाला में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह एवं आध्यात्मिक उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के आयुष मंत्रालय एवं ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत किया गया।कार्यक्रम में योग शिक्षिका सुश्री योगिता सुथार ने उपस्थित भाई-बहनों एवं जिज्ञासुओं को विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा स्वास्थ्यवर्धक अभ्यास कराते हुए नियमित योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया।इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी बहन खुशबू ने राजयोग मेडिटेशन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मन, बुद्धि और आत्मा को परमात्मा से जोड़ने की श्रेष्ठ आध्यात्मिक विधि है। जब मनुष्य राजयोग के द्वारा स्वयं को आत्मा और परमात्मा को अपना पिता अनुभव करता है, तब उसके जीवन में शांति, शक्ति, प्रेम और आनंद का संचार होता है। आज की तनावपूर्ण जीवनशैली में राजयोग ही आंतरिक संतुलन, सकारात्मक सोच और श्रेष्ठ संस्कारों का सशक्त आधार है।”कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित भाई-बहनों एवं जिज्ञासुओं ने योगाभ्यास एवं राजयोग मेडिटेशन का अनुभव किया तथा नियमित रूप से योग को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। अंत में सभी को स्वस्थ, नशामुक्त एवं तनावमुक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का संदेश दिया गया।
