
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दुर्गा मंदिर धर्मशाला में इनरव्हील क्लब द्वारा भारत विकास परिषद एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सहयोग से भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था। योग सत्र का संचालन तपस योगा सेंटर के प्रशिक्षक श्री हिमांशु गोदारा के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने उपस्थित जनों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास करवाते हुए योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी। बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया। इस अवसर पर इनरव्हील क्लब की अध्यक्ष श्रीमती मीना गर्ग, उपाध्यक्ष श्रीमती सीमा गर्ग, संपादक श्रीमती हेमा जैन एवं सदस्य श्रीमती मंजुला गर्ग उपस्थित रहीं। उन्होंने योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताते हुए सभी से इसे अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के अध्यक्ष श्री महेश जसूजा, महासचिव श्री प्रदीप मित्तल, कोषाध्यक्ष श्री अमित गुप्ता, संरक्षक श्री राजेंद्र कासनियां एवं श्री महावीर बंसल, प्रकल्प प्रमुख श्री मनमोहन गर्ग, श्री राजकुमार बवेजा, श्री विशाल शर्मा, श्री सत्यदेव आर्य, सह सचिव श्री योगेश बलाडिया तथा सह कोषाध्यक्ष श्री विजय मित्तल की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के सफल आयोजन में इनरव्हील क्लब की प्रमुख भूमिका रही। अंत में सभी उपस्थित जनों ने नियमित योग को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
