
हनुमानगढ़। जंक्शन की बाबा श्यामसिंह कॉलोनी स्थित श्री पीर खाना में सोमवार को शिव परिवार, खाटू श्याम जी एवं हनुमान जी की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा विधिवत रूप से पूजा-अर्चना कर की गई। शिव परिवार मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा के मुख्य यजमान मोहित गर्ग, खाटू श्याम जी मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा के मुख्य यजमान मनोज अग्रवाल एवं संकट मोचन हनुमान जी महाराज की मूर्ति प्राणप्रतिष्ठा के मुख्य यजमान सुरेश मितल थे। मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में श्री पीरखाना एवं मां भगवती सेवा समिति की ओर से आयोजित किए गए दो दिवसीय कार्यक्रमों की कड़ी में सोमवार को दूसरे दिन सुबह 9 बजे मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा एवं उसके बाद हवन यज्ञ हुआ। हवन यज्ञ के बाद भण्डारा लगाया गया। रात्रि को जागरण होगा। मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा के मौके पर विधायक गणेश राज बंसल सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। श्री पीरखाना समिति अध्यक्ष महेन्द्रपाल गर्ग ने बताया कि जंक्शन का पीरखाना राजस्थान में ऐसा पीरखाना है जिसमें हिन्दू धर्म के देवीदेवताओ की छह मूर्तियां लगी हुई हैं और छह मंदिर बने हुए हैं। इनमें आठ मूर्तियां पीर-फकीरों की हैं। राजस्थान में कोई और ऐसा मंदिर नहीं है जहां हिन्दू धर्म के देवी-देवताओं और पीरफ कीरों के मंदिर बने हुए हैं। इससे यह संदेश जाता है कि सब एकजुट होकर रहें। क्योंकि हिन्दू, मुस्लिम, सिख और ईसाई एक है। यह सब हिन्दुस्तान का एक परिवार है। समिति सचिव मुकेश मितल व पारस गर्ग ने बताया कि मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में रविवार को शोभायात्रा निकाली गई थी। उन्होंने बताया कि सभी मूर्तियां अलवर के कारीगरों की ओर से तैयार की गई हैं।
