
पालनहार और मुख्यमंत्री कन्यादान योजना से मिला आर्थिक संबल, खिले लाभार्थियों के चेहरे
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) राजस्थान सरकार द्वारा आमजन तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर जरूरतमंद परिवारों के लिए राहत और उम्मीद का माध्यम बन रहे हैं। सोमवार को संगरिया के ग्राम पंचायत इन्द्रपुरा में आयोजित शिविर में दो परिवारों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिलने से उनके जीवन में नई आशा का संचार हुआ। ग्राम निवासी श्री जगदीश के पुत्र के निधन के बाद उनकी पुत्रवधु का पुनर्विवाह हो गया। ऐसे में उनकी पोती के पालन-पोषण की जिम्मेदारी स्वयं श्री जगदीश ने संभाली। आर्थिक चुनौतियों के बीच पोती की परवरिश कर रहे श्री जगदीश को शिविर में पालनहार योजना का लाभ प्रदान किया गया।

योजना के तहत उन्हें पोती के पालन-पोषण के लिए प्रतिमाह 1500 रुपए की सहायता राशि स्वीकृत हुई। सहायता मिलने पर श्री जगदीश की आंखों में संतोष झलक उठा। उन्होंने कहा कि यह राशि पोती की शिक्षा और देखभाल में महत्वपूर्ण सहारा बनेगी। इसी शिविर में बीपीएल परिवार से जुड़े श्री ओमप्रकाश को भी बड़ी राहत मिली। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत उनकी दो पुत्रियों के विवाह के लिए 82 हजार रुपए की सहायता राशि स्वीकृत की गई। सहायता की जानकारी मिलते ही श्री ओमप्रकाश के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। उन्होंने कहा कि बेटियों के विवाह की चिंता अब काफी हद तक कम हो गई है। शिविर में तहसीलदार श्रीमती मोनिका बंसल, विकास अधिकारी श्री राजेश कुमार, नायब तहसीलदार श्री रामसिंह, श्री श्याम सुंदर मूंड एवं मीनू सिंगल ने लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान कर शुभकामनाएं दीं।
