
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) कृषि विभाग एवं आत्मा योजना के संयुक्त तत्वावधान में पंचायत समिति रावतसर में सोमवार को ब्लॉक स्तरीय कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के लगभग 100 किसानों ने भाग लिया। गोष्ठी में कृषि, उद्यानिकी एवं पशुपालन से संबंधित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों ने किसानों को उपयोगी जानकारी प्रदान की। कृषि विज्ञान केन्द्र नोहर के कृषि वैज्ञानिक श्री अशोक चौधरी ने खरीफ फसलों में लगने वाले प्रमुख कीटों एवं रोगों की पहचान, रोकथाम तथा समेकित प्रबंधन के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को फसलों की नियमित निगरानी करने तथा समय पर नियंत्रण उपाय अपनाने की सलाह दी, जिससे उत्पादन में होने वाले नुकसान को कम किया जा सके। परियोजना निदेशक (आत्मा) श्री सुभाष चन्द्र डूडी ने आत्मा योजना के तहत संचालित कार्यक्रमों एवं किसानों को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। वहीं सहायक निदेशक कृषि (विस्तार) नोहर श्री राजप्रताप गोदारा ने गुणवत्तायुक्त बीज एवं उर्वरक खरीदने, अधिकृत विक्रेताओं से ही कृषि आदान लेने तथा खरीद के समय पक्का बिल प्राप्त करने के प्रति किसानों को जागरूक किया। उन्होंने मंडियों में उर्वरकों की उपलब्धता संबंधी जानकारी भी साझा की। एआरओ एटीसी हनुमानगढ़ डॉ. राधेश्याम ने मृदा परीक्षण आधारित पोषक तत्व प्रबंधन, प्राकृतिक खेती एवं जैविक कीटनाशकों के उपयोग पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने संतुलित उर्वरक उपयोग की आवश्यकता बताते हुए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर जोर दिया। सहायक कृषि अधिकारी श्री कृष्ण चन्द्र कड़वासरा ने उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं अनुदान कार्यक्रमों की जानकारी किसानों को दी। कृषि विज्ञान केन्द्र नोहर के पशु वैज्ञानिक डॉ. विक्रमजीत ने पशुपालन में संतुलित आहार, नियमित टीकाकरण एवं नस्ल सुधार के महत्व पर जानकारी दी तथा पशुपालकों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम प्रभारी एवं सहायक कृषि अधिकारी श्री विनोद मटोरिया ने सभी अतिथियों एवं किसानों का स्वागत किया। गोष्ठी के दौरान किसानों की समस्याओं का विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया गया।
