
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जिला कलेक्टर खुशाल यादव ने परलीका गांव के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल को खेल मैदान के लिए 0.0707 हेक्टेयर भूमि निशुल्क आवंटित करने के आदेश जारी किए हैं। यह आवंटन स्कूल के प्रिंसिपल डॉ. सत्यनारायण सोनी द्वारा एसडीएमसी के प्रस्ताव के आधार पर प्रस्तुत प्रार्थना-पत्र के बाद किया गया है।जानकारी के अनुसार, यह भूमि परलीका स्थित पुराने उपस्वास्थ्य केंद्र (80×50 फीट) और किसान सेवा केंद्र (60×55 फीट) के जर्जर एवं अनुपयोगी भवनों की है। सार्वजनिक निर्माण विभाग की रिपोर्ट में इन दोनों भवनों को जर्जर और असुरक्षित बताया गया था, जिससे जनहानि की आशंका जताई गई थी।जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव द्वारा जारी आदेश के तहत, तहसील नोहर के ग्राम/चक 19 एनटीआर क्षेत्र में खाता संख्या 1 की भूमि में से उपस्वास्थ्य केंद्र की 0.0372 हेक्टेयर और किसान सेवा केंद्र की 0.0335 हेक्टेयर भूमि, कुल 0.0707 हेक्टेयर, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल परलीका को खेल मैदान निर्माण हेतु आवंटित की गई है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि आवंटित भूमि का उपयोग केवल निर्धारित उद्देश्य के लिए होगा और निर्माण कार्य कब्जा मिलने के दो साल के भीतर पूरा करना होगा।साथ ही, जर्जर भवनों को सुरक्षित तरीके से हटाने की जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। इस संबंध में उपखण्ड अधिकारी नोहर राहुल श्रीवास्तव, तहसीलदार नोहर बजरंग लाल कुलहरी, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। ग्राम शिक्षा कमेटी, स्कूल के एसडीएमसी, एसएमसी सदस्यों और प्रिंसिपल डॉ. सत्यनारायण सोनी ने इस आवंटन पर प्रसन्नता व्यक्त की है और सहयोगियों का आभार जताया है
