
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) बीकानेर जिले की पुलिस ने तीन आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली है और संबंधित थाना के प्रभारी को उनकी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के आदेश दिए गए हैं।बीकानेर के पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने आज बताया कि बज्जू थाना में भंवरसिंह राजपूत (23) निवासी बेरा देदावतान पुथा और बजरंग खीचड़ बिश्नोई (32) निवासी मोडायत की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। भंवरसिंह पर मारपीट, हत्या के प्रयास और अनुसूचित जनजाति जन जाति अधिनियम सहित गंभीर अपराधों के आठ मुकदमे दर्ज हैं। बजरंग पर मारपीट, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार,सरकारी कार्य में बाधा डालने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे गंभीर अपराधों के छह मुकदमे दर्ज हैं।उन्होंने बताया कि तीसरी हिस्ट्रीशीट साहबराम वाल्मीकि (35) निवासी सुई की खोली गई है। महाजन थाना क्षेत्र निवासी साहबराम पर मारपीट करने, हत्या के प्रयास, चोरी और मादक पदार्थ अवैध रूप से रखने जैसे गंभीर अपराधों के 10 मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि बज्जू और महाजन थाना प्रभारी को इन आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के आदेश भी दिए गए हैं।
