
जर्जर भवन के कारण पशु चिकित्सा सेवाएं प्रभावित, कलेक्टर ने एसडीएम को दिए आवश्यक निर्देश
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) गांव 2 केएनजे में संचालित पशु चिकित्सालय के लिए उपयुक्त भवन उपलब्ध कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। यूथ कांग्रेस नेता रणवीर सिंहाग के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कलेक्टर से मुलाकात कर पशु चिकित्सालय की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया तथा शीघ्र समाधान की मांग की।ज्ञापन में बताया गया कि गांव 2 केएनजे में पशु चिकित्सालय स्वीकृत है, लेकिन लंबे समय से यह गौशाला परिसर के एक अस्थायी कमरे में संचालित किया जा रहा था। वर्तमान में बरसात का मौसम शुरू होने के कारण उक्त भवन की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी है, जिससे वहां पशु चिकित्सा सेवाओं का संचालन करना मुश्किल हो गया है। भवन की खराब हालत के चलते पशुपालकों और उनके पशुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।रणवीर सिंहाग ने बताया कि गांव में पशु चिकित्सालय के लिए फिलहाल कोई अन्य उपयुक्त सरकारी भवन उपलब्ध नहीं है। ऐसे में ग्रामीणों ने मांग की है कि चुंगी नंबर 8 पर स्थित पुराने पंचायत भवन को अस्थायी रूप से पशु चिकित्सालय के संचालन के लिए उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि यह पंचायत भवन लंबे समय से खाली पड़ा हुआ है और इसका उपयोग जनहित में किया जा सकता है।ग्रामीणों ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में पशुपालक निवास करते हैं, जिनकी आजीविका पशुपालन पर निर्भर है। पशुओं के उपचार, टीकाकरण और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए गांव में पशु चिकित्सालय का सुचारू रूप से संचालित होना बेहद आवश्यक है। यदि समय रहते उचित व्यवस्था नहीं की गई तो बरसात के मौसम में पशुओं के स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं।जिला कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया और हनुमानगढ़ एसडीएम को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने कलेक्टर की त्वरित पहल पर संतोष व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही पंचायत भवन को अस्थायी रूप से पशु चिकित्सालय के लिए उपलब्ध कराकर समस्या का समाधान किया जाएगा।ज्ञापन सौंपने के दौरान राजेंद्र तंवर, उत्तम नेहरा, इंद्र गोदारा आदि मौजूद ने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र निर्णय लेने की मांग की, ताकि पशु चिकित्सालय का संचालन निर्बाध रूप से जारी रह सके और पशुपालकों को आवश्यक सुविधाएं मिलती रहें।
