हनुमानगढ़। जिला निर्वाचन अधिकारी कानाराम ने मंगलवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इसमें निर्वाचन प्रक्रिया में अभी तक किए कार्यों के साथ आगामी कार्ययोजना के बारे में बताया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिले में आदर्श आचार संहिता की पालन में राजनीतिक दलों का पूर्ण सहयोग रहा है। निर्वाचन आयोग और विभाग राजस्थान के निर्देशों की पूर्ण पालन सुनिश्चित की गई है। उन्होंने प्रतिनिधियों को 72, 48, 24 घंटों के दौरान पार्टियों की गतिविधियों, प्रचार प्रसार नियमों, मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं, सुविधाओं, केंद्रों पर 100 व 200 मीटर में प्रतिबंध कार्यों सहित अन्य की जानकारी दी। उन्होंने जिले के सभी विशेष केंद्रों पर स्वीप गतिविधियों के बारे में भी बताया। बैठक में आईएएस प्रीतम कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेदी लाल मीना सहित दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
