

निर्माण पूरा होने से पहले टूटने लगी सडक़, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
हनुमानगढ़। धोलीपाल गांव में करीब डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से बन रहे अटल पथ निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। निर्माण कार्य अभी पूर्ण भी नहीं हुआ है, लेकिन सडक़ के कई हिस्सों में दरारें और टूट-फूट दिखाई देने लगी है, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई है, जिसके कारण नई सडक़ समय से पहले ही क्षतिग्रस्त होने लगी है। ग्रामीणों ने इस मामले में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों और ठेकेदार के बीच कथित मिलीभगत होने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। ग्रामीण भानीराम मूंड ने बताया कि सडक़ निर्माण के दौरान कुछ लोगों के अतिक्रमणों को बचाने के लिए ठेकेदार ने मनमाने तरीके से नालियों का निर्माण किया है। इससे बरसात के दौरान पानी की निकासी प्रभावित होने और जलभराव की समस्या उत्पन्न होने की आशंका है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी धन से बनने वाली सडक़ में यदि शुरुआत से ही गुणवत्ता की कमी रहेगी तो आमजन को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने निर्माण कार्य की तकनीकी जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सडक़ निर्माण में हुई कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की जांच कर दोषी अधिकारियों एवं ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो गांव के लोग आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करवाने तथा जनता के धन के दुरुपयोग को रोकने की मांग की है।
