

दुर्घटनाओं और धूल-मिट्टी से लोग परेशान, नागरिकों ने आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
हनुमानगढ़। जंक्शन में लंबे समय से अधूरी पड़ी सडक़ों के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करवाने की मांग को लेकर गुरुवार को सामाजिक कार्यकर्ता सुशील बहल के नेतृत्व में नागरिकों ने जंक्शन में राजीव गांधी स्टेडियम के पास स्थित डॉ. बीआर अंबेडकर भवन में आयोजित शहरी सेवा शिविर के दौरान नगर परिषद आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। सुशील बहल ने बताया कि जंक्शन स्थित संगरिया रोड पर क्राउन सिटी से काच्छी फार्म हाउस तक की सडक़ का निर्माण कार्य पिछले एक वर्ष से अधिक समय से अधूरा पड़ा है। सडक़ पर पत्थर बिछाने के बाद डामरीकरण का कार्य नहीं किया गया, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सडक़ पर फैले पत्थरों के कारण कई लोग चोटिल हो चुके हैं, जबकि आसपास के दुकानदारों और आमजन को धूल-मिट्टी की समस्या भी झेलनी पड़ रही है। इसके अलावा करणी चौक से तिलक सर्किल तक जाने वाली सडक़ का निर्माण कार्य भी लंबे समय से अधूरा बताया गया है। इस मार्ग पर भी पत्थर बिछाने के बाद डामर नहीं किया गया है। यह सिविल लाइंस क्षेत्र को जोडऩे वाला प्रमुख मार्ग है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं और अन्य नागरिक आवागमन करते हैं। एकतरफा यातायात व्यवस्था और अधूरी सडक़ के कारण पूर्व में कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं तथा भविष्य में भी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर परिषद अधिकारियों को कई बार अवगत करवाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। ज्ञापन के माध्यम से नागरिकों ने दोनों सडक़ों का निर्माण कार्य अविलंब पूरा करवाने की मांग की, ताकि आमजन को आवागमन में सुविधा मिल सके और दुर्घटनाओं की संभावना को रोका जा सके। सामाजिक कार्यकर्ता सुशील बहल ने कहा कि शहर के विकास कार्य समय पर पूरे होना जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए लंबित सडक़ निर्माण कार्यांे को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने की मांग की। इस मौके पर अनूप शर्मा, करनैल सिंह, भीमसेन सुथार, प्रदीप कुमार, मलकीत सिंह सहित कई नागरिक मौजूद रहे।
