
समिति ने विवाह सामग्री देकर निभाई सामाजिक जिम्मेदारी, जरूरतमंदों के सहयोग का लिया संकल्प
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जय श्री राम सेवा समिति द्वारा जंक्शन स्थित सुरेशिया क्षेत्र में एक जरूरतमंद परिवार की बेटी के विवाह में सहयोग करते हुए सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की गई। समिति की ओर से विवाह के लिए आवश्यक सामग्री एवं उपयोगी सामान उपलब्ध करवाकर परिवार को आर्थिक संबल प्रदान किया गया।समिति के संस्थापक विजय खत्री एवं राजीव मिश्रा ने बताया कि समिति का मुख्य उद्देश्य समाज के उन जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाना है, जो आर्थिक तंगी के बावजूद अपनी परिस्थितियों को किसी के सामने व्यक्त नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि ऐसे परिवारों की पहचान कर उनकी आवश्यकतानुसार सहयोग करना ही समिति का संकल्प है।उन्होंने बताया कि बेटी का विवाह प्रत्येक परिवार के लिए महत्वपूर्ण अवसर होता है, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह बड़ी चुनौती बन जाता है। ऐसे समय में समाज के सक्षम लोगों और सामाजिक संगठनों का सहयोग परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होता है। समिति भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, विवाह और अन्य सामाजिक कार्यों में जरूरतमंद लोगों की हरसंभव सहायता करती रहेगी।समिति के पदाधिकारियों ने समाज के लोगों से भी आह्वान किया कि वे अपने आसपास रहने वाले जरूरतमंद परिवारों की पहचान कर उनकी सहायता के लिए आगे आएं, ताकि समाज में सहयोग और संवेदनशीलता की भावना मजबूत हो सके। समिति के इस कार्य की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक पहल बताया।
इस मौके पर तेज सिंह कम्बोज, शंशीकात शर्मा, दीपक खन्ना, राजेन्द्र शर्मा व अन्य लोग मौजूद थे।
