
स्कूल के पास टावर लगाने पर जताई आपत्ति, विरोध के चलते मशीन बैरंग लौटी
हनुमानगढ़(भटनेर एक्सप्रेस) टाउन की मुख्य सब्जी मंडी स्थित टाउन-जंक्शन रोड पर रिहायशी क्षेत्र में प्रस्तावित मोबाइल टावर लगाने का स्थानीय लोगों ने विरोध किया। वार्डवासियों ने टावर लगाने के लिए पहुंची मशीन को काम शुरू नहीं करने दिया, जिसके बाद विरोध के चलते मशीन को वापस लौटना पड़ा। लोगों ने प्रशासन से जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस स्थान पर मोबाइल टावर लगाने की अनुमति नहीं देने की मांग की।स्थानीय निवासी एवं एडवोकेट जोधा सिंह भाटी ने बताया कि जिस स्थान पर मोबाइल टावर लगाया जा रहा है, उसके लगभग 20 मीटर की दूरी पर एक विद्यालय संचालित है व 70 मीटर की दूरी पर ऐतिहासिक भटनेर दुर्ग है, ओर यह गैर कानूनी भी है। उनका कहना है कि विद्यालय के आसपास बड़ी संख्या में बच्चे प्रतिदिन अध्ययन के लिए आते हैं। ऐसे में मोबाइल टावर से निकलने वाली विद्युत-चुंबकीय तरंगों को लेकर अभिभावकों और क्षेत्रवासियों में चिंता का माहौल है। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस स्थान पर टावर नहीं लगाया जाना चाहिए।वार्डवासियों का कहना है कि घनी आबादी वाले क्षेत्र में बिना स्थानीय लोगों की सहमति के मोबाइल टावर लगाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका वे विरोध करते हैं। उनका कहना है कि यदि भविष्य में इस टावर से किसी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या उत्पन्न होती है तो इसका सीधा असर आसपास रहने वाले परिवारों और विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों पर पड़ेगा।शुक्रवार को टावर लगाने के लिए आवश्यक मशीनरी और उपकरण मौके पर पहुंचे, लेकिन इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में वार्डवासी मौके पर एकत्र हो गए और उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। लोगों के विरोध को देखते हुए संबंधित पक्ष ने फिलहाल मशीन को वापस ले जाना उचित समझा और मौके पर कोई कार्य शुरू नहीं किया जा सका।क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रस्तावित स्थल का पुनः परीक्षण कराया जाए तथा विद्यालय और रिहायशी क्षेत्र की निकटता को ध्यान में रखते हुए जनहित में उचित निर्णय लिया जाए। उन्होंने कहा कि यदि उनकी आपत्तियों की अनदेखी कर टावर लगाने का प्रयास किया गया तो वे लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेंगे। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जनभावनाओं के अनुरूप कार्रवाई करने की मांग भी की।
