
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) सदर थाना अंतर्गत नेहरानगर निवासी दो भाइयों के लापता होने के मामले में पुलिस ने आज गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कर ली।पुलिस के अनुसार लापता 40 वर्षीय मुकेश की पत्नी भारती द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर उसके पति और देवर राकेश के गुम होने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। भारती ने बताया है कि उसका पति और देवर 24 जून को सुबह लगभग 6 बजे बिना कुछ बताएं घर से स्कूटी लेकर कहीं चले गए। अगले दिन स्कूटी हनुमानगढ़-अबोहर बाईपास पर एसएसबी रोड पर गंग कैनाल की बारहमासी नहर पुल के पास लावारिस खड़ी मिली। नहर के किनारे इनमें से एक की चप्पलें,कपडे और स्कूटी की चाबी पड़ी थी। थाना प्रभारी पुलिस इंस्पेक्टर सुभाषचंद्र ढील ने बताया कि अभी तक इन दोनों भाइयों का कुछ पता नहीं चला है। उनके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और लोकेशन को चेक किया जा रहा है। उधर,भारती ने बताया कि उसका पति और देवर उस दिन सुबह सवेरे जब वे सो रहे थे, तभी घर से चले गए थे। उनको तो सो कर उठने के बाद पता चला कि दोनों घर पर नहीं है। पहले ऐसा कभी नहीं हुआ था। देवर राकेश के एक हाथ पर मोना नाम गुदा हुआ है। उसकी पत्नी अपने बच्चों सहित पंजाब में कहीं रहती है। दोनों भाई धोबी का काम करते हैं।उल्लेखनीय है कि 25 जून को सूचना मिलने पर सदर पुलिस ने सिविल डिफेंस के गोताखोरों को बुलाकर घटना स्थल से नेतेवाला हैड तक इन दोनों भाइयों की तलाश करवाई थी। अगले दिन 26 जून को भी तलाश करवाई गईमगर इनका कुछ पता नहीं चला। दोनों को गायब हुए 72 घंटे सीधी ज्यादा का समय हो गया है। पुलिस का कहना है कि अगर ये नहर में डूबे हैं तो अब तक इनकी लाशें पानी की सतह पर आ जातीं। लिहाजा पुलिस अब यह भी अनुमान लगा रही है कि दोनों भाई स्कूटी,कपडे और चप्पलें आदि सामान नहर पर छोड़कर जानबूझकर तो कहीं गायब नहीं हैं। दोनों भाइयों के परिवारजन बहुत ही चिंता में डूबे हुए हैं।
