
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) अंतर्राष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन एवं मां पब्लिकेशंस ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आज शनिवार को सुरेंद्रा डेंटल कॉलेज एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट, श्रीगंगानगर में ‘हेल्थ इज वेल्थ’ लिवर है तो लाइफ़ है’ विषय पर स्वास्थ्य जागरूकता टॉक शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान धनवंतरी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं राष्ट्रगान के साथ हुई। मेदांता हॉस्पिटल, गुरुग्राम के वरिष्ठ कंसल्टेंट एवं लीवर ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. अंकुर अटल गुप्ता टॉक में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए, उन्होंने कहा कि आज के समय में लीवर को स्वस्थ रखने का सबसे बड़ा मूलमंत्र संतुलित आहार (डाइट मॉनिटरिंग) और नियमित व्यायाम (रेगुलर एक्सरसाइज) है। उन्होंने कहा कि समय रहते जीवनशैली में बदलाव अपनाकर लीवर संबंधी अधिकांश बीमारियों से काफी हद तक बचाव किया जा सकता है। मोटापा, डायबिटीज और अनियमित खानपान के कारण फैटी लीवर सहित अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के संयोजक सौरभ जैन ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ‘स्टेटस से ज्यादा जरूरी स्टैमिना है, फॉलोअर्स से ज्यादा जरूरी फिटनेस है और सोशल मीडिया की रील्स से ज्यादा जरूरी रियल लाइफ है।’

उन्होंने कहा कि यदि युवा अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देंगे तो वे जीवन में हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। इसलिए सोशल मीडिया पर समय बिताने के बजाय खेल, योग, व्यायाम और संतुलित जीवनशैली को अपनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन के जिलाध्यक्ष नरेश जैन, जिला महामंत्री विकास जैन, सुरेंद्रा डेंटल कॉलेज के निदेशक सूरज अग्रवाल एवं गौरव गुप्ता, मां पब्लिकेशंस ट्रस्ट के अध्यक्ष राजकुमार जैन, सीए पवन मित्तल, विकास गर्ग, ललित चौधरी, डॉ. मनु बत्रा, डॉ. निशा सहित बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक, चिकित्सक एवं डेंटल विद्यार्थियों ने भाग लिया। अंत में सभी अतिथियों ने डॉ. अंकुर अटल गुप्ता का नागरिक अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार व्यक्त करते हुए आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी जनस्वास्थ्य से जुड़े ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

