
⏩ दंपति समेत तीन गिरफ्तार, दो संदिग्धों से पूछताछ जारी
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) श्रीगंगानगर जिले में पाकिस्तानी तस्करों और पंजाब के तस्करों के बीच सांठगांठ से मंगाई गई 12 किलो हेरोइन की खेप में से करीब 10 किलो 500 ग्राम हेरोइन पुलिस ने जब्त कर ली है। इस मामले में एक दंपति सहित तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है जबकि दो अन्य व्यक्तियों से पूछताछ चल रही है। पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से सप्लाई की गई इस खेप का एक हिस्सा लेकर हनुमानगढ़ जिले के नोहर थाना क्षेत्र का एक हिस्ट्रीशीटर फरार हो गया है।पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने आज बताया कि कल देर शाम जैतसर थाना क्षेत्र के चक 5 बीबी की पुलिया के पास नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहन की गाड़ी ने पुलिस वाहन में टक्कर मारकर भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उसे सफलतापूर्वक पकड़ लिया। इस कार्रवाई में पंजाब के धर्मेंद्रसिंह उर्फ बब्बू (32) पुत्र मोहनसिंह निवासी भैनी गुजरा थाना सिदवा भेड तहसील जगरांव जिला लुधियाना और जसविंदरसिंह उर्फ जस्सी (34) पुत्र दातारसिंह निवासी सलेमपुर थाना समेजा कोठी जिला श्रीगंगानगर को गिरफ्तार किया गया। इनकी गाड़ी से 20 पैकेटों में 9 किलो 908 ग्राम हेरोइन और 1 लाख 40 हजार रुपये नकद बरामद हुए। इसके साथ ही जसविंदरसिंह के सलेमपुर स्थित घर पर छापेमारी कर पुलिस ने 511 ग्राम हेरोइन और 21 हजार 200 रुपये नकद भी जब्त किए। जसविंदरसिंह की पत्नी नवजोतकौर उर्फ ज्योति को भी गिरफ्तार कर लिया गया। कुल मिलाकर बरामद की गई 10 किलो 419 ग्राम 52 मिलीग्राम हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 10 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। जैतसर थाना और समेजा कोठी थाना में अलग-अलग एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

ऐसे बिछाया जाल ⏩ श्रीगंगानगर में सदर थाना के सिपाही राधेश्याम और रघुवीरसिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि तस्कर सलेमपुरा से जैतसर होते हुए सूरतगढ़ की तरफ जा रहे हैं। उन्होंने जैतसर थाना प्रभारी पुलिस इंस्पेक्टर गोविंदराम को सूचित किया। इसके बाद सीआई गोविंदराम ने सहायक उप निरीक्षक छोटूराम, हवलदार रामकुमार और अन्य सिपाहियों की टीम ने चक 5 जीबी के पास नाकाबंदी कर ली। सिपाही राधेश्याम और रघुवीर सिंह भी अपनी प्राइवेट गाड़ी से वहां पहुंच गए। यहां पर की गई नाकाबंदी के दौरान तस्करों ने अपनी गाड़ी से पुलिस की गाड़ी में टक्कर मार कर भागने की कोशिश की, मगर वह कामयाब नहीं हो सके।
घडसाना सेक्टर में हुई ड्रोन ड्रॉपिंग ⏩ विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार पंजाब के कुछ बड़े तस्करों ने पाकिस्तान के तस्करों के साथ संपर्क कायम कर यह डिलीवरी श्रीगंगानगर जिले के घड़साना सेक्टर में मंगवाई थी। कल शुक्रवार तड़के करीब 2 बजे पाकिस्तानी ड्रोन ने तीन चक्कर लगाकर लगभग 12 किलो हैरोइन के पैकेट गिराए। जसविंदरसिंह उर्फ जस्सी पंजाब के कुख्यात तस्करों के स्थानीय संपर्क व्यक्ति के रूप में यह माल को उठाने घडसाना सेक्टर में गया था। उसके साथ पंजाब के कुख्यात तस्करों द्वारा भेजे गए तीन कोरियर कारिंदे भी थे। ड्रोन ड्रॉपिंग के बाद यह सभी माल उठाकर सलेमपुर में आ गए। वहां जसविंदर के घर पर माल के तीन हिस्से किए गए। इसी दौरान हनुमानगढ़ जिले के नोहर थाना क्षेत्र के एक हिस्ट्रीशीटर पहुंचा और डेढ़ किलो हेरोइन लेकर वहां से निकल गया। श्रीगंगानगर पुलिस ने तुरंत हनुमानगढ़ पुलिस को सूचना दे दी। हनुमानगढ़ पुलिस ने घेराबंदी कर ली है और जल्द ही उसे पकड़े जाने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस मामले में पंजाब के दो अन्य व्यक्तियों को भी पकड़ा गया है, जिनसे पूछताछ जारी है। सूत्रों के मुताबिक पंजाब से आए तस्कर इस माल को श्री गंगानगर के निकट सदर थाना अंतर्गत गांव साधुवाली के समीप भारतमाला रोड से पंजाब ले जाने वाले थे लेकिन अचानक उन्होंने रूट बदल लिया। सलेमपुर में मौजूद मुखबीरों से सूचना मिलते ही वहां से निकलने वाले सभी मार्गों पर पुलिस ने नाकाबंदी कर दी थी। श्रीविजयनगर और अनूपगढ़ थानों की पुलिस को भी सतर्क किया गया। सलेमपुरा से जैसे ही तस्करों की गाड़ी जैतसर को जाने वाले रूट की तरफ बढी तब चक 5-जीबी के पास नाकाबंदी की गई। तभी साधुवाली में भारतमाला रोड पर नाकाबंदी किए हुए पुलिस टीम भी चक 5-जीबी को रवाना हो गई।इस पूरे ऑपरेशन में मुखबिरों की सूचना और टीम वर्क ने बड़ी सफलता दिलाई। पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
