
आईसीएआई हनुमानगढ़ शाखा ने जंक्शन पुलिस थाना परिसर में चलाया सघन वृक्षारोपण अभियान
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे के उपलक्ष में आयोजित सामाजिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की हनुमानगढ़ शाखा द्वारा “हरियालो हनुमानगढ़” अभियान के तहत जंक्शन पुलिस थाना परिसर में सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास तथा लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना रहा। खास बात यह रही कि एसोसिएशन द्वारा ट्रीगार्ड सहित पौधों का रोपण किया, जिससे कि पौधों की सुरक्षा बनी रहे।कार्यक्रम में जंक्शन थानाधिकारी रामकुमार कस्वां, आईसीएआई हनुमानगढ़ शाखा के अध्यक्ष सीए हर्ष जिन्दल, उपाध्यक्ष सीए रमेश कुमार, सचिव सीए कमल जैन, कोषाध्यक्ष सीए रमण गर्ग, सीआईसीएएसए अध्यक्ष सीए यश संदीप मित्तल तथा तत्काल पूर्व अध्यक्ष सीए ललित गर्ग सहित अन्य सदस्यों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उपस्थित सभी लोगों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प भी लिया।इस अवसर पर जंक्शन थानाधिकारी रामकुमार कस्वां ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए तथा उनकी देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने आईसीएआई हनुमानगढ़ शाखा द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।आईसीएआई शाखा अध्यक्ष सीए हर्ष जिन्दल ने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे केवल पेशेवर उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन का भी अवसर है। इसी सोच के साथ सामाजिक सेवा सप्ताह के दौरान पर्यावरण संरक्षण, जनजागरूकता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि “हरियालो हनुमानगढ़” अभियान के माध्यम से शहर को अधिक हराभरा बनाने और लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि एक पौधा लगाना आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य में निवेश करने के समान है। सभी नागरिकों को अपने जीवन के प्रत्येक महत्वपूर्ण अवसर पर पौधारोपण करना चाहिए और लगाए गए पौधों को वृक्ष बनने तक उनकी देखभाल का दायित्व भी निभाना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने तथा हरित एवं स्वच्छ हनुमानगढ़ के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
