
वार्ड 51 में सडक़ व सीवरेज समस्याओं के शीघ्र समाधान की उठाई मांग
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जंक्शन के वार्ड 51 के पूर्व पार्षद सुरेश धमीजा ने मंगलवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर एचपीसीएल की ओर से गैस पाइपलाइन बिछाने के दौरान किए गए गड्ढों को तत्काल भरवाने, अधूरे इंटरलॉकिंग कार्य को पूरा कराने तथा वार्ड की अन्य मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग की। धमीजा ने बताया कि सेक्टर 6 में एचपीसीएल की ओर से गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए कई स्थानों पर सडक़ें खोदी गई थीं। कार्य पूरा होने के बाद कंपनी ने गड्ढे भरने का आश्वासन दिया था, लेकिन करीब एक माह बीत जाने के बावजूद अब तक यह कार्य नहीं किया गया है।

इससे क्षेत्र में दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है। नगर परिषद से शिकायत करने पर यह कहकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया जाता है कि गड्ढे भरने का कार्य एचपीसीएल को ही करना है। उन्होंने मांग की कि एचपीसीएल को तत्काल गड्ढे भरने के निर्देश दिए जाएं तथा जब तक पुराने गड्ढे नहीं भरे जाते, तब तक नए स्थानों पर खुदाई की अनुमति नहीं दी जाए। पूर्व पार्षद ने यह भी बताया कि सेक्टर 6 में करीब 600 मीटर सीसी सडक़ और इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य शुरू किया गया था। सीसी सडक़ का निर्माण तो पूरा कर दिया गया, लेकिन इंटरलॉकिंग का कार्य आज भी अधूरा पड़ा है। इस संबंध में नगर परिषद को कई बार अवगत कराने के बावजूद केवल नए टेंडर जारी करने का आश्वासन दिया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार की ओर से निर्मित सीसी सडक़ एक वर्ष के भीतर ही क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि यह अभी गारंटी अवधि में है। सडक़ पर दो बार केमिकल डालने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। उन्होंने संबंधित विभाग को सडक़ की गुणवत्ता की जांच कर गारंटी अवधि के तहत मरम्मत कराने के निर्देश देने की मांग की। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि वार्ड में पिछले डेढ़ वर्ष से सीवरेज की समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक उसका संतोषजनक समाधान नहीं किया गया। सुरेश धमीजा ने आरोप लगाया कि वार्ड की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है और जिला प्रशासन से सभी लंबित कार्यांे पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।
