
धाणका समाज का धरना 324वें दिन भी जारी, एडीएम का प्रतीकात्मक पुतला दहन
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) धाणका समाज के जाति प्रमाण पत्र बनाने पर लगी रोक हटाने की मांग को लेकर जिला कलक्ट्रेट के समक्ष चल रहा बेमियादी धरना मंगलवार को 324वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान समाज के लोगों ने जिला कलक्ट्रेट के मुख्य गेट के सामने अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदीलाल मीणा का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर विरोध जताया। धरनास्थल पर रमेश धाणका ने कहा कि जिला प्रशासन को धाणका समाज से संबंधित सभी आवश्यक साक्ष्य उपलब्ध कराए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद उनकी मांग पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन लगातार समाज की अनदेखी कर रहा है तथा धाणका समाज की ओर से भेजी जाने वाली रिपोर्टांे के साथ अतिरिक्त जिला कलक्टर स्तर पर छेड़छाड़ की जाती है। इसी के विरोध में एडीएम का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया। उन्होंने बताया कि आंदोलन के अगले चरण के तहत धाणका समाज के नागरिक बुधवार, 1 जुलाई को धरनास्थल से जयपुर के लिए पैदल कूच करेंगे। रास्ते में विभिन्न स्थानों से समाज के लोग इस पदयात्रा में शामिल होंगे और बड़ी संख्या में जयपुर पहुंचकर विधानसभा का घेराव करेंगे। जितेन्द्र सिंह धाणका ने कहा कि जब तक समाज को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से धाणका समाज की मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर जाति प्रमाण पत्र जारी करने पर लगी रोक हटाने की मांग की।
