
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) भारतीय क्रिकेट टीम के टेस्ट खिलाड़ी मानव सुथार के मंगलवार को श्रीगंगानगर आगमन पर जिला क्रिकेट संघ एवं सेठ जी.एल. बिहाणी सनातन धर्म शिक्षा ट्रस्ट की ओर से उनका भव्य एवं भावभीना अभिनंदन किया गया। भामाशाह सेठ सुशील कुमार बिहाणी ऑडिटोरियम में आयोजित स्वागत समारोह के मुख्य अतिथि बिहाणी शिक्षा ट्रस्ट के महासचिव हिमांशु बिहाणी थे। समारोह की अध्यक्षता जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मुकेश शाह ने की। इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ के सचिव विनोद सहारण, भाजपा नेता शरणपाल सिंह, प्रदीप धेरड़, विकास गौड़, घनश्याम बिन्नानी, रतन गणेशगढ़िया तथा मानव सुथार के पिता जगदीश सुथार मंचासीन रहे।

समारोह में बिहाणी शिक्षा ट्रस्ट के विमल बिहाणी, नीरज बिहाणी एवं दीपक जैन का भी बुके भेंट कर सम्मान किया गया। वहीं, श्रुति बिहाणी व शैक्षिक निदेशक डॉ. कविता चौधरी ने मानव सुथार की माता श्रीमती सुथार का स्वागत किया। इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ की ओर से मानव सुथार को एक लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई, जबकि बिहाणी शिक्षा ट्रस्ट ने 51 हजार रुपये, चांदी से निर्मित भगवान श्रीराम की प्रतिमा तथा प्रशस्ति पत्र भेंट कर उनका सम्मान किया। ट्रस्ट के महासचिव हिमांशु बिहाणी ने प्रशस्ति पत्र का वाचन करते हुए मानव सुथार को विद्यार्थियों एवं युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। मानव सुथार के कोच धीरज शर्मा का भी विशेष सम्मान किया गया। उन्हें एक लाख रुपये का चेक, पगड़ी एवं सम्मान स्वरूप स्मृति-चिह्न भेंट कर उनके योगदान की सराहना की गई।
