
पूर्व पार्षद गौरव जैन के नेतृत्व में नगरपरिषद आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, वर्षों से काबिज परिवारों को मालिकाना हक देने की अपील
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) वार्ड संख्या 49 स्थित गांधीनगर के वार्डवासियों ने मंगलवार को पार्षद गौरव जैन के नेतृत्व में नगरपरिषद आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर वर्षों से काबिज परिवारों के पट्टे राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप जारी करने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि लंबे समय से क्षेत्र में निवास कर रहे अनेक परिवारों का न तो रेलवे के साथ कोई विवाद है और न ही किसी अन्य विभाग अथवा व्यक्ति के साथ भूमि को लेकर कोई विवाद लंबित है। इसके बावजूद उन्हें अब तक पट्टे जारी नहीं किए गए हैं, जिससे वे विभिन्न सरकारी सुविधाओं और विकास योजनाओं का पूरा लाभ नहीं ले पा रहे हैं। ज्ञापन में वार्डवासियों ने बताया कि वे वर्षों से उक्त भूमि पर शांतिपूर्वक निवास कर रहे हैं तथा नियमित रूप से स्थानीय स्तर पर अपने दायित्वों का निर्वहन करते आ रहे हैं। ऐसे में राज्य सरकार की जनहितकारी नीति एवं मंशा के अनुरूप पात्र परिवारों को शीघ्र पट्टे जारी किए जाएं, ताकि उन्हें अपने आवास का कानूनी अधिकार प्राप्त हो सके और भविष्य में किसी प्रकार की अनिश्चितता का सामना नहीं करना पड़े। पार्षद गौरव जैन ने कहा कि गांधीनगर क्षेत्र में कई परिवार लंबे समय से बसे हुए हैं और उनका किसी भी विभाग से भूमि संबंधी विवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को पट्टे मिलने से उन्हें सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा मिलेगी तथा वे अपने घरों के विकास और आवश्यक कार्यों को भी आसानी से करा सकेंगे। उन्होंने नगरपरिषद प्रशासन से इस मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। वार्डवासियों ने आयुक्त से अनुरोध किया कि पूरे मामले का परीक्षण कर पात्र परिवारों के पट्टे जारी करने की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि नगरपरिषद राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप सकारात्मक निर्णय लेकर लंबे समय से लंबित इस समस्या का समाधान करेगी। इस दौरान ज्ञापन सौंपने वालों में रामचन्द्र तनवानी, हरीश महेंद्रा, नानकराम, जसवीर सिंह, जगवीर सिंह, मोहनलाल, विनोद चिदेलिया, हरीश कुमार, बलवीर सिंह, सुनील कुमार, विनोद कुमार, विजय चंद्र, रामपत चावरिया सहित वार्ड के अनेक निवासी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में वर्षों से काबिज पात्र परिवारों को शीघ्र पट्टे जारी करने की मांग दोहराई।
